स्वास्थ्य विभाग ने छापा मारकर एमटीपी किट बेचते मेडिकल स्टोर संचालक को पकड़ा, गिरफ्तार
पानीपत। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उझा रोड पर छापा मारकर एक मेडिकल स्टोर संचालक को एमटीपी किट बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। स्वास्थ्य विभाग ने संचालक के खिलाफ चांदनी बाग थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इसी शिकायत पर मेडिकल स्टोर संचालक पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि उझा पर स्थित संदीप मेडिकल स्टोर संचालक संदीप कुमार निवासी साईं कालोनी गर्भपात की दवा बेचता है। इसी पर कार्रवाई के लिए डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुधीर बतरा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और डयूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार सुमन लता को नियुक्त किया गया। टीम ने संदीप मेडिकल स्टोर पर एक महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा। स्टोर संचालक संदीप ने महिला से गर्भपात की दवा देने के लिए 600 रुपये मांगे। स्वास्थ्य विभाग ने महिला को 500-500 रुपये के दो नोट दिए। स्टोर संचालक ने जैसे ही पैसे लेकर महिला को दवा दी तो स्वास्थ्य विभाग ने रंगेहाथ संचालक को पकड़ लिया और उसके पास से 500-500 रुपये के दो नोट बरामद किए। जांच के दौरान स्टोर संचालक के पास कोई लाइसेंस नहीं मिला। विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील कर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। इस रेड पर डीसीओ विजय राजे भी शामिल थी।