अमर उजाला ब्यूरो
सनौली। आसाराम केस में 25 तारीख को आने वाले फैसले को देखते हुए जोधपुर के साथ हरियाणा पुलिस भी सतर्क हो गई हैं। आसाराम व नारायण सांई केस के मुख्य गवाह हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली खुर्द निवासी महेन्द्र चावला की सुरक्षा बढ़ा दी गई हैं। पहले उनकी सुरक्षा में दो-तीन पुलिसकर्मी तैनात थे अब उनकी संख्या बढ़ा कर 5 कर दी है। उसके पल-पल की गतिविधि पर पीसीआर जीप्सी, राईडर पुलिस, थाना प्रभारी सनौली सहित कई पुलिस के आला अधिकारियों की पैनी नजर है।
उनकी सुरक्षा में पहले एक बार चूक होने पर उन पर 13 मई 2015 में घर पर ही गोली चला हत्या का प्रयास होने पर अब हरियाणा पुलिस सतर्क हैं। उनके पास व घर पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखने के लिए उनसे मिलने वालों का नाम पता भी रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की जाती है। महेंद्र चावला का कहना है कि अदालत के फैसले को लेकर वे आशंकित हैं। चावला ने बताया कि उन्होंने आसाराम व नारायण सांई के खिलाफ बयान दिए हैं। नारायण सांई के बारे में दुबारा से भी बयान हो सकते हैं। वे आसाराम के डेरे में आसाराम के प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग करता था। उसकी ओर से अदालत में दिए बयान पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। चावला ने बताया कि आसाराम को सजा होती है तो गुस्साएं समर्थक कुछ भी कर सकते हैं और बरी होता है तब भी बदला लेने के लिए हमला किया जा सकता है। उन्हें सुप्रीम कोर्ट के दिए आदेश के मुताबिक पर्याप्त सुरक्षा दी जानी चाहिए।
सनौली थाना एसएचओ सुमित कुमार का कहना है कि चावला की सुरक्षा चाक-चौबंध है। पांच पुलिसकर्मी 24 घंटे उनके साथ सुरक्षा के लिए तैनात हैं। हर रोज उनकी सुरक्षा का जायजा लिया जाता है।
फोटो संख्या -36 व 37
आसाराम केस की सुनवाई के दिन करीब होने पर पुलिस ने गवाह की बढ़ाई सुरक्षा
- पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला, केस हारने व जीतने दोनों पर है हमले की आशंका
- आसाराम के डेरे में प्र ोडक्टस की करता था मार्केटिंग