फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

-शहर के सामाजिक व दूसरे संगठन साफ सफाई को लेकर फिर हुए एकजुट

विज्ञापन
विज्ञापन
स्वच्छता के नारे पर जनप्रतिनिधि चुप, सामाजिक संगठन आए आगे, बोले जनप्रतिनिधियों को नहीं देंगे ज्ञापन, आगे आकर करेंगे जागरूक
विज्ञापन

- नगर निगम की ओर से सफाई न कर पाने और प्रतिनिधियों की अनदेखी पर अफसोस जताया

अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। मशहूर शायर अल्ताफ हुसैन हाली के शहर से एक बार फिर शहर को स्वच्छ बनाने की आवाज उठी है। सर्व संगठन सेवा संस्थान इसको लेकर आगे आया है। संगठन ने इस बार शहर को स्वच्छ बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देने से नहीं बल्कि शहरवासियों को जागरूक कर इसकी शुरुआत करने का फैसला लिया है। संगठन इसको लेकर कानूनी लड़ाई भी लड़ने को तैयार है। वहीं संगठन के बैनर तले पहुंचे विभिन्न संगठनों के लोगों ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की चुप्पी पर चिंता व्यक्त की।
सर्व संगठन सेवा संस्थान की बैठक रविवार को सेक्टर-25 स्थित पाईट संस्कृति स्कूल में हुई। जिसकी अध्यक्षता समिति संरक्षक रघुबीर सैनी ने की। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी ठेकेदारों के साथ मिलीभगत कर जनता के पैसों को डकार रहे हैं। शहर में सफाई के नाम पर लोगों के साथ खिलवाड़ की जा रही है। अधिकारियों व ठेकेदारों की मिलीभगत का हरजाना लोगों को भुगतना पड़ रहा है। इस सबके खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है।
विज्ञापन

पुराना औद्योगिक एसोसिएशन के प्रधान विनोद ग्रोवर ने कहा कि शहर में साफ सफाई जरूरी है, लेकिन निगम इन सबसे बेखबर है। जिसका खामियाजा उद्यमियों को उठाना पड़ रहा है। इंडस्ट्रीयल एरिया सेक्टर-29 के प्रधान राजीव अग्रवाल ने कहा कि पानीपत का नाम दुनिया में जाना जाता है, लेकिन यहां पर गंदगी जमा रहती है। पॉश एरियों में भी गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए। संरक्षक एवं निर्यातक रामनिवास गुप्ता ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। इसको लेकर पब्लिक की राय लेकर स्वच्छता लेकर आने की जरूरत है।
प्रशासन ने नहीं बनाया आज तक एक्शन प्लान
राधा रानी समिति के प्रधान विवेक कत्याल ने कहा कि शहर की सामाजिक संस्थाएं साफ सफाई को लेकर चिंतित हैं, लेकिन अधिकारियों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। निगम व प्रशासनिक अधिकारी ने इस तरफ काम करने को लेकर कोई एक्शन प्लान नहीं बनाया है। श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान नरेश सिंगला ने कहा कि प्रशासन व नगर निगम के भरोसे साफ सफाई होना संभव नहीं है। लोगों को एकजुट होकर इसको लेकर आगे आना होगा।
निगम के पास बोर्ड लगाने को पैसे सफाई के लिए नहीं
चैंबर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठ सदस्य विनोद खंडेलवाल ने कहा कि नगर निगम के पास कालोनियों के नाम के बोर्ड लगाने के पैसे हैं, लेकिन कूड़ा उठाने के लिए बजट नहीं है। यह चिंता का विषय है। निगम अधिकारियों को शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में सोचने व काम करने की जरूरत है।
जनप्रतिनिधि व पार्षद असल काम को छोड़ नारियल तोड़ने में लगे
संगठन के सरप्रस्त हरिओम तायल ने कहा कि शहर के जनप्रतिनिधियों व पार्षदों का साफ सफाई की तरफ कोई ध्यान नहीं है। इन लोगों में विकास कार्यों के नारियल तोड़ने की होड़ लगी हुई है। निगम के पूर्व एमई एनके जिंदल ने सोलिड वेस्ट प्रोजेक्ट को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि इसके बाद शहर का कूड़ा निस्तारण नहीं हो सकता।

पानीपत राजस्व देने में सबसे आगे, सफाई में पिछड़ा
हरियाणा व्यापार मंडल के चेयरमैन रोशनलाल गुप्ता ने कहा कि पानीपत हर साल 32 हजार करोड़ का व्यापार करता है और कई हजार करोड़ का राजस्व सरकार के खजाने में जमा कराता है, लेकिन यहां पर दूसरी सुविधा मिलना तो दूर साफ-सफाई ही नहीं हो पाती। शहरवासियों द्वारा राजस्व के रूप में दिया पैसा दूसरे शहरों के विकास कार्यों पर खर्च हो रहा है।

अधिकारियों के सामने गुहार लगाने की बजाय लाएंगे जागरूक
संगठन के मुख्य संयोजक सुरेश काबरा ने कहा कि आजादी के बाद भी पानीपत शहर की तस्वीर नहीं सुधर पाई है। अब शहर की सफाई के लिए अधिकारियों के पास जाकर गुहार लगाने की जरूरत नहीं है। वे लोगों को सफाई के लिए जागृत करेंगे और उनको अधिकार दिलाने का प्रयास करेंगे। मेहूल जैन ने कहा कि संगठन द्वारा पिछले साल शहर में स्वच्छता अभियान चलाया था। उनके अभियान से शहर में सुधार होने लगा था। संयोजक ललित गोयल ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए वे सब प्रयासरत हैं और इसको लेकर शहर के मौजिज लोगों ने खुद आगे आकर जिम्मेदारी ली है।
चार प्रमुख विंग गठित की
सर्व संगठन सेवा संस्थान द्वारा शहर में साफ सफाई लाने के लिए चार प्रमुख विंगों का गठन किया। लीगल विंग की जिम्मेदारी समाजसेवी नेमीचंद जैन को सौंपी गई। आईटी विंग के संयोजक विकास गोयल को बनाया। जागरूकता विंग की जिम्मेदारी विवेक कत्याल को सौंपा। संपर्क एवं सूचना विंग हरिओम तायल को सौंपी गई।
विज्ञापन

वर्जन
नगर निगम शहर में साफ सफाई को लेकर गंभीर है और कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी ठेकेदार को दी गई है। निगम के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से साफ सफाई कर रहे हैं। वे खुद भी इसको लेकर गंभीर हैं। इन सबके बाद वे फिर भी और प्रयास करेंगे।
शिवप्रसाद शर्मा, कमिश्नर, नगर निगम पानीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें