किसानों ने दस मिनट सड़क जाम कर की नारेबाजी, एक घंटे साइड में बैठ दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने पानीपत-जींद मार्ग पर बस अड्डे के बाहर सड़क पर हठ योग कर सरकार विरोधी नारेबाजी की और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग की। भाकियू के प्रदर्शन के चलते काफी देर तक स्टेट हाईवे बाधित रहा। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भाकियू व किसानों को समझाकर हाईवे से एक तरफ किया। इसके बाद सड़क किनारे बैठकर सरकार द्वारा किसानों की अनदेखी पर रोष प्रकट किया। इस दौरान आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।
भाकियू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को मतलौडा बस अड्डा चौक पर सुबह करीब 11 बजे जाम लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो वे आंदोलन तेज कर देंगे। करीब दस मिनट बाद किसान सड़क से हटकर धरने पर बैठे और एक घंटे तक धरना दिया। किसानों द्वारा जाम लगाने के कारण पानीपत-सफीदों मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने पानीपत सफीदों स्टेट हाईवे से नारा के पास से वाहनों को लोकल रास्तों से डायवर्ट करते हुए निकाला। किसानों ने शांतिपूर्वक तरीके से अपना धरना जारी रखा।
भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान जयकरण कादियान व उप प्रधान बिंटू मलिक ने बताया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान कर्जदार हो रहे हैं। किसानों ने मांग की है कि पंजाब व यूपी की तर्ज पर किसानों के कर्जे माफ किए जाएं और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू की जाएं। इस अवसर पर संजय देशवाल, जसमत देशवाल, सतनारायण बांगड़, पृथ्वी सिंह, सुरेश दहिया, कृष्ण देशवाल, दीपचंद, आजाद मलिक व ओमप्रकाश मौजूद रहशे।