फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: जनता समाधान शिविर में पहुंची इसके सहित 41 शिकायतें

विज्ञापन
विज्ञापन
पानीपत। यमुना में रेत के अवैध खनन की शिकायत जनता समाधान शिविर में उपायुक्त के सामने पहुंची। गोयला कलां ग्रामीणों का आरोप है कि रेत का अवैध खनन लगातार जारी है। इससे आसपास के गांवों का माहौल बिगड़ रहा है। इस पर रोक लगाई जानी चाहिए। उपायुक्त ने खनन विभाग और पुलिस अधिकारी को इसमें कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन

जिला स्तरीय जनता समाधान शिविर सोमवार को जिला सचिवालय में लगाया गया। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने फरियादियों की शिकायतों को सुना। उनके सामने 41 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें फैमिली आईडी में आय कम कराने, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली, नगर निगम, पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित रही। उपायुक्त ने आठ मामलों में फरियादियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
गोयला कलां गांव के अनिल, जसवीर, जोगिंद्र व ऋषिपाल ने शिकायत में आरोप लगाया कि यमुना तट पर रेत का खनन किया जा रहा है। कई गांवों में लोग तड़के ही रेत खनन में लग जाते हैं। यह कार्य दिनभर चलता रहता है। इसमें यमुना में जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं। कुछ लोग यमुना के तट से ही रेत का खनन कर रहे हैं। इससे बारिश के दिनों में तटबंध टूटने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की। अमित कुमार वासी सिवाह ने दिव्यांग पेंशन बनवाने की मांग की। वार्ड-3 की बलवंत कौर राशन कार्ड बनवाने और यशपाल ने शहर में घूम रहे ई-रिक्शा पर रोक लगाने की मांग की।
विज्ञापन


उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर किसी भी रूप में औपचारिकता नहीं हैं। ये शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी हैं। अधिकारी यह बात गांठ बांध ले कि जनता की समस्या को गंभीरता से सुनना और उसका समाधान करना उसकी नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल फाइलों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। जिन मामलों में जानबूझकर देरी या लापरवाही सामने आएगी, वहां संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी फरियादी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविरों में प्राप्त हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस मौके पर जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण, निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय, डीएसपी सतीश वत्स, डीडीपीओ राजेश शर्मा, सीएमजीजीए अदिति, डीपीओ परमिंदर कौर, कृषि विभाग के एसडीओ राजेश भारद्वाज, एसडीओ सूबे सिंह व आरटीए डॉ. नीरज जिंदल मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें