पानीपत। विकास नगर में चोरों ने एक मजदूर के कमरे में घुसपैठ कर उसके बैग से 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। मजदूर को वारदात का पता शुक्रवार सुबह चला। उसने इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।
मुजफ्फरनगर के गांव शाहपुर निवासी विक्की पुत्र सोहनवीर पुत्र मामचंद ने बताया कि वह विकास नगर में किराए पर रहता है। वह यहां पर मजदूरी करता है। उसने जैसे तैसे कर अपने पास 40 हजार रुपये जमा किए थे ताकि किसी आपातकाल स्थिति में काम आ सके। उसके कमरे में उसका बैग रखा था। अज्ञात व्यक्ति कमरे में घुसकर उसके बैग से 40 हजार रुपये चोरी कर ले गए। उसने अपने स्तर पर चोरों की तलाश की लेकिन उनका पता नहीं लगा। उसकी पुलिस से मांग है कि चोरों का पता लगाकर उन पर कार्रवाई की जाए। संवाद