सनौली। पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 3922 क्यूसेक पानी छोड़ा दिया है। इसके चलते सनोली यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि होगी। हालांकि, इससे फिलहाल कोई खतरा नहीं है।
पिछले दिनों से हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में सामान्य 352 क्यूसेक पानी नियमित छोड़ा जा रहा था। इसी के चलते कैराना में बहने वाली यमुना नदी का जलस्तर भी सामान्य चल रहा था। मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के चलते यमुना के जलस्तर में मामूली वृद्धि हुई थी, लेकिन वर्षा रुकने के बाद फिर से बहाव कम हो गया था। उधर, पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज पर शनिवार को पानी का दबाव बढ़ गया। इसी के चलते यमुना नदी में पानी छोड़ा गया है। यमुना पुल ड्रेनेज विभाग के एई राजेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार की प्रातः आठ बजे यमुना में 3922 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। शुक्रवार को जलस्तर 227.50 मीटर पर था, जबकि शनिवार को 227.53 मीटर रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जलस्तर में और वृद्धि दर्ज होगी। इससे क्षेत्र में कोई खतरा नहीं है।