पानीपत। ठगों ने अर्जुन नगर निवासी एक टैक्सी चालक को अपनी बातों में उलझाकर उससे 3.67 लाख रुपये की ठगी कर ली। टैक्सी चालक ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काबड़ी रोड स्थित अर्जुन नगर निवासी दिलबाग ने बताया कि वह पेशे से टैक्सी चालक है। 17 अप्रैल को उसके पास कॉल आई थी। कॉलकर्ता ने उसे कहा कि वह वह उसका रिश्तेदार बोल रहा है। उसने कहा कि वह उसके बैंक में खाते में पैसे भेज रहा है। वह बाद में उससे ले लेगा । उसने इसके लिए उसको मना भी किया लेकिन फिर भी वह नहीं माना। उसने उसके पास 3.30 लाख रुपये क्रेडिट होने के उसके पास दो संदेश भेजे। 19 अप्रैल को उसकी दोबारा फिर कॉल आई। उसने उससे 20 हजार रुपये मांगे। उसने 20 हजार रुपये उसको भेज दिए। वह हर रोज पैसे मांगता था। वह यह सोच कर कि यह पैसे उसी के हैं वह उसके खाते में पैसे भेजता रहा। उसने 13 जुलाई को खाता जांचा तो उसे पता चला कि उसके खाते में 3.30 लाख रुपये आए ही नहीं थे। उसके साथ ठगों ने 3.67 लाख रुपये की ठगी की है।