पानीपत। कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को साढ़े पांच माह बाद एक ही दिन में कोरोना के रिकॉर्ड 36 केस मिले हैं। गांव नारायणा व हरिनगर में कोरोना के चार चार केस मिले हैं।
इसी प्रकार रिफाइनरी व गांव जौरासी में भी दो- दो केस मिले हैं। एक कैदी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। नए मिले सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। अब सैंपलिंग के अनुपात में पॉजिटिविटी दर 10 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। नए मिलने वाले केस की रफ्तार ठीक होने वालों से दोगुना है। सोमवार को 18 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। सोमवार को मिले केसों में दो 12 साल के बच्चे भी हैं। अप्रैल में अब तक 158 कोरोना के केस मिल चुके हैं। इनमें 12 साल से कम आयु के पांच बच्चे भी शामिल हैं। राहत की बात ये है कि 98 प्रतिशत मरीज होम आइसोलेशन में है।
स्वास्थ्य विभाग ने अब सैंपलिंग दोगुना कर दी है। सोमवार को 344 लोगों की कोविड जांच हुई है। मंगलवार को इन सैंपल की रिपोर्ट आएगी। वहीं दूसरी ओर सामुदायिक केंद्रों में 10-10 बेड के आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिए गए हैं। सिविल अस्पताल में बिना मास्क वालों की एंट्री पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है। डॉक्टरों व स्टाफ को मास्क इस्तेमाल के कड़े निर्देश भी दिए हैं। सिविल सर्जन ने कोरोना से निपटने के लिए मास्क, पीपीपी किट, ऑक्सीजन सिलिंडर व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित के निर्देश दिए हैं। सिविल अस्पताल में वेंटिलेटर व आईसीयू को भी एक्टिवेट किया गया है। कोरोना सैंपलिंग बढ़ाई जा रही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के पास एक हजार पीपी किट, 10 हजार मास्क व दस्ताने हैं।
सिविल अस्पताल में 34 ऑक्सीजन सिलिंडर, 29 वेंटिलेटर, 56 ऑक्सीजन कंसट्रेटर व 12 थर्मल स्कैनर हैं। निजी अस्पतालों में पांच मेडिकल ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक, 311 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 1020 ऑक्सीमीटर, 215 नेबुलाइजर, 69 वेंटिलेटर, 206 आईसीयू बेड व 606 ऑक्सीजन बेड है।
सोमवार को 317 लोगों की सैंपलिंग हुई है। जिले में अब तक 577160 लोगों ने कोविड जांच कराई है। जिले में अब तक 36963 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 682 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
लोगों से अपील कोविड नियमों का करें पालन
कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों से अपील है कि कोविड नियमों का पालन करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें। अस्पताल में आने से पहले मास्क लगाएं।
डॉ. जयंत आहूजा, सिविल सर्जन पानीपत।