गार्ड पर गोली चलाने वाले आरोपी ने पुलिस रिमांड के दौरान 2016 में की हत्या का जुर्म कबूला
फोटो संख्या- 37
अमर उजाला ब्यूरो,
पानीपत। सेक्टर 25 पार्ट वन में फैक्टरी के गार्ड पर गोली चलाने वाले आरोपी मुशर्रफ से दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान 2016 में हुए ब्लाइंड मर्डर की एक वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी ने नवंबर 2016 में सेक्टर 25 रामलीला ग्राउंड के पास आपसी कहासुनी होने पर रोहित पुत्र मोहन लाल निवासी सेठी चौक को बर्फ तोड़ने वाला सुआ मारकर घायल किया था। घायल ने कुछ दिनों बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस पूछताछ में पता लगा कि आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट की योजना व चोरी की अनेकों धाराओं के तहत पांच मुकदमें दर्ज है।
सीआईए थ्री प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि टेक्सटोज फैक्ट्ररी में वीरवार को एक युवक लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए फैक्टरी के आस-पास घूम रहा था। वहां घूमने का कारण पूछने पर उसने गार्ड पर गोली से हमला बोल दिया। जो फायर मिस होने से गार्ड बच गया। सूचना मिलते ही सीआइए-थ्री मौके पर पहुंची व आरोपी को एक देशी पिस्तौल 315 बौर व चार जिंदा कारतूस सहित काबू किया थार।थ आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान आरोपी ने नवंबर 2016 में सेक्टर 25 रामलीला ग्राउंड के पास रोहित की हत्या करने की वारदात को कबूल किया। दो दिन का रिमांड पूरा होने पर आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
आरोपी के खिलाफ जिला में दर्ज मुकदमें:
1. फरवरी 2006 में थाना शहर में 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज ।
2. अप्रैल 2006 में थाना मॉडल टाउन में लूट की योजना बनाने के संबंध में धारा 398, 401 व 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज ।
3. मई 2005 में चोरी की वारदात में 380 के तहत मुकदमा दर्ज है। इस वारदात मे आरोपी पुलिस पीओ घोषित था।
4. जनवरी 2012 में थाना शहर क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक की हत्या कर शव खुर्द बुर्द किया। इस वारदात में थाना शहर में धारा 302, 201 व 34 के तहत मुकदमा दर्ज है ।
5. आरोपी चोरी के एक मुकदमा में थाना चांदनी बाग का पुलिस पीओ घोषित था। गिरफ्तारी होने के बाद आरोपी के खिलाफ 174 भन का मुकदमा दर्ज किया गया।