67वें गणतंत्र दिवस पर शहर समेत पूरा जिला देशभक्ति के सूर में गूंज उठा और एक साल की बेटियों को सम्मानित कर समाज को नया संदेश दिया। जिला स्तरीय समारोह में सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं स्थानीय शहरी निकाय मंत्री कविता जैन मुख्यातिथि रहीं। सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं स्थानीय शहरी निकाय मंत्री कविता जैन ने स्थानीय शिवाजी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय 67वें गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर विधायक रोहिता रेवड़ी, ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, समालखा विधायक रविंद्र मच्छरौली, उपायुक्त समीर पाल सरो व पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा मौजूद रहे। मंत्री कविता जैन ध्वजारोहण कर मार्च टुकड़ियों का निरीक्षण कर सलामी ली।
क्रांतिकारियों व शहीदों को किया याद
मंत्री कविता जैन ने कहा कि देश के क्रांतिकारियों द्वारा किए गए लंबे संघर्ष और शहीदों के बलिदान की बदौलत हमने आजादी प्राप्त की है। 1950 में आज ही के दिन संविधान को लागू किया गया था। इससे भारत को विश्व में जहां एक संपूर्ण गणराज्य के रूप में पहचान मिली, वहीं लोगों को सामाजिक, धामक, सांस्कृतिक व आर्थिक स्वतंत्रता के अधिकार भी प्राप्त हुए। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में बनाए गए संविधान को अपनाकर हमने प्रगतिशील भारत का सपना संजोया था। हमने एक ऐसे देश की कामना की थी, जिसमें सभी धर्म, संप्रदायों व जातियों के लोग आपसी भाईचारे को कायम रखने में अपना योगदान दें।
सरकारी की योजनाओं को गिनवाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच व कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 20 महीने के थोड़े से अरसे में देश में डिजिटल इंडिया, स्किल्ड इंडिया, मेक-इन-इंडिया, स्टार्ट अप कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, स्मार्ट सिटी, अटल मिशन फॉर रेजुवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफोरमेशन और वर्ष 2022 तक सभी के लिए मकान जैसे अनूठे कार्यक्रम शुरू हुए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में स्वच्छ हरियाणा-स्वच्छ भारत की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व में पहचान दिलाने में स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, लोह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशेष भूमिका रही है। देश के नव निर्माण में इनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
बेटी बचाओ-बेटी बचाओ अभियान लेकर आया रंग
देश में बेटियों के संरक्षण, संवर्धन तथा शिक्षण के लिए देशव्यापी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ बहुआयामी अभियान चलाया गया है। इसके फलस्वरूप आज हरियाणा में लिंगानुपात में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। पिछले 10 वर्षों में पहली बार प्रदेश के 12 जिलों में लिंगानुपात बढ़कर अब 1000 लड़कों पर 900 लड़कियों से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन योजना को लागू कर दिया है। इससे देश के कार्यरत एवं पूर्व सैनिकों के करीब 40 लाख परिवारों को लाभ होगा। जिनमें हरियाणा के सैनिक भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। इस पर सरकार का करीब 8 से 10 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। देश के किसानों की समृद्घि के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को मंजूरी दी है। किसानों की फसलों की बिक्री सुचारु रखने को लेकर प्रदेश की 54 मंडियों को ऑनलाइन किया जा रहा है।
नई उद्यम नीति से एक लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य
हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई नई उद्यम प्रोत्साहन नीति-2015 के तहत आगामी पांच वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। इससे 4 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में पिछले एक वर्ष के दौरान 2855 सूक्ष्म व लघु उद्योग तथा 10 मध्यम व बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं। इनसे 2660 करोड़ 19 लाख रुपये का निवेश हुआ है और 53 हजार 49 लोगों को रोजगार मिला है।
सीएम के विदेशी दौरे से मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हाल ही में अमेरिका, कनाडा, जापान व चीन देशों की यात्राएं की गई हैं। इन यात्राओं के बेहद सकारात्मक परिणाम मिले हैं। दुनिया के अनेक देशों के बड़े उद्योगपतियों ने हरियाणा में निवेश के लिए गहरी रुचि दिखाई है। निवेशकों के उत्साह को देखते हुए इस वर्ष सात व आठ मार्च को गुड़गांव में ग्लोबल इंवेस्टर समिट आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। नौ मार्च को हरियाणा प्रवासी दिवस आयोजित किया जाएगा।