जिले में तीन पुस्तकें तैयार, वैदिक गणित पर भी बनेगी पुस्तक, ओलंपियाड में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। हरियाणा गणित ओलंपियाड 2026-27 में विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए जिला शिक्षा विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। जिले के सरकारी विद्यालयों में शनिवार को छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अभ्यास परीक्षा में भाग लिया। इस योजना का उद्देश्य सरकारी व निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करना और उनमें गणित, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान के प्रति रुचि विकसित करना है।
जिला शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू ने जिला गणित विशेषज्ञ रणबीर सिंह, गणित शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल मजबूत होंगे।
तीन पुस्तकें तैयार, वैदिक गणित पर भी काम
जिले में गणित ओलंपियाड की तैयारी के लिए तीन पुस्तकें तैयार की गई हैं। इसके अतिरिक्त वैदिक गणित पर एक विशेष पुस्तक तैयार की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को गणना की वैकल्पिक और सरल विधियां सीखने का अवसर मिलेगा। डीएमएस रणबीर सिंह ने बताया कि जिले में प्रतिदिन शाम छह से साढ़े सात बजे तक लगभग 2500 विद्यार्थी ऑनलाइन अभ्यास परीक्षा देते हैं। प्रत्येक शनिवार को भी अभ्यास परीक्षा आयोजित की जाती है।
व्हाट्सएप पर साझा होती हैं गणितीय पहेलियां
विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए रणबीर सिंह प्रतिदिन अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर दो से चार गणितीय पहेलियां साझा करते हैं। इससे विद्यार्थियों को तार्किक ढंग से सोचने और स्वयं प्रश्न हल करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रश्नपत्र तैयार करने, अभ्यास सामग्री उपलब्ध करवाने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले टीजीटी व पीजीटी गणित शिक्षकों तथा विद्यालय प्रमुखों के योगदान की भी सराहना की।
प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये
गणित ओलंपियाड की घोषित पुरस्कार योजना के अनुसार प्रथम स्थान पर एक लाख, द्वितीय पर 50 हजार और तृतीय पर 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अगले 97 विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये के पुरस्कार दिया जाएगा। इस प्रकार कुल 100 विद्यार्थियों को पुरस्कार मिलेंगे। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है।
26