चारे की तलाश में हर वर्ष गर्मी के मौसम में राजस्थान से गोपालक प्रदेश में आते हैं। शनिवार को ही भरतपुर से आए गोपालक जेठा भाई और मोटा भाई के 25 गोवंशों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। गोपालकों ने बताया कि आसन खुर्द स्टेशन के पास पहुंचे तो अचानक पटरी पर माल गाड़ी आ गई। गोवंश को मालगाड़ी की आवाज सुनाई नहीं दी और मालगाड़ी गाय को कुचल कर गुजर गई। जिसके कारण 25 गोवशों की मौके पर मौत हो गई । घटना के बाद तीन घंटे तक मालगाड़ी खड़ी रही। रेलवे के इंजीनियरों ने आकर इंजन से गोवंश के अवशेष निकाले परंतु इंजन नहीं चला। इसके बाद दूसरा इंजन मंगवाकर माल गाड़ी को रवाना किया। आसपास के लोगों की मदद से गोवंशों का अंतिम संस्कार किया गया। रेलवे पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और माल गाड़ी ड्राइवर को लोगों के गुस्से से बचाया। जीआरपी के अधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि रेलवे के नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।