माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। त्योहारी सीजन के मद्देनजर नगर निगम ने बुधवार को शराब के ठेकों के आसपास अतिक्रमण, अवैध मांस की दुकानों आदि खिलाफ विशेष अभियान चलाया। चांदनी बाग क्षेत्र में दो टीमों ने कार्रवाई करते हुए 24 अतिक्रमण हटाए।
अभियान के लिए कार्यकारी अभियंता गोपाल कलावत और कार्यकारी अभियंता नवीन के नेतृत्व में दो टीमें गठित की गईं। दोपहर बाद हुई कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर शराब के ठेकों के साथ अवैध रूप से मांस की दुकानें संचालित होने और खुले स्थानों पर शराब पिलाए जाने की बात सामने आई।
कुछ ठेकों पर निर्धारित अनुमति से अधिक क्षेत्र में कब्जा कर कन्फेक्शनरी की दुकानें भी चलती मिलीं। निगम की ओर से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में आने वाले ठेकों की भी जांच की जा रही है। नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने दुकानदारों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने, खुले में शराब न पीने-पिलाने और नियमों का पालन करने की अपील की।
किवाना में 32 एकड़ में विकसित छह अवैध कॉलोनियां ध्वस्त
समालखा। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग की टीम ने बुधवार को किवाना गांव में करीब 32 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही छह अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की। दो जेसीबी मशीनों की मदद से एक ढांचा, 10 डीपीसी, कच्ची सड़कों के नेटवर्क और कॉलोनियों की निशानदेही को ध्वस्त किया गया।
डीटीपी सुमित मलिक ने बताया कि बिना अनुमति अवैध कॉलोनियां विकसित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। संवाद