पानीपत। औद्योगिक नगरी में भाजपा नेता अस्पताल संचालक डॉ. गौरव श्रीवास्तव और रविंद्र अस्पताल के संचालक समेत पांच लोगों से 24 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पांचों लोगों से बदमाश ने विदेश में बैठे रणदीप मलिक का नाम लिया है और पैसे न देने पर परिवार सहित गोली मारने की धमकी दी है। डॉ. गौरव श्रीवास्तव और मिट्ठन स्वीट्स के संचालक से पांच-पांच करोड़, इसराना के व्यापारी सुक्रमपाल से 10 और इसराना के दुकानदार से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। रविंद्रा अस्पताल के संचालक के कर्मचारी को फोन कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस ने पांचों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोगों को बदमाशों से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस लोगों को सुरक्षा देने के साथ आरोपियों को भी गिरफ्तार करेगी।
बाॅक्स
भाजपा नेता से वाट्सएप कॉल कर मांगी रंगदारी
भाजपा के मनोनीत पार्षद आईबीएम अस्पताल संचालक डॉ. गौरव श्रीवास्तव से वाट्सएप पर पांच करोड़ की रंगदारी मांगी है। अंसल सुशांत सिटी के डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पास वाट्सएप पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया। उन्होंने खुद को रणदीप मलिक बताया और पांच करोड़ रुपये देने की कही। उन्होंने कहा कि उनको घर, परिवार और अस्पताल की पूरी जानकारी है। उनको पैसे नहीं दिए तो परिवार समेत गोली मार देंगे। थाना सेक्टर-13-17 पुलिस ने उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बाॅक्स
रविंद्र अस्पताल संचालक से मांगे दो करोड़
माॅडल टाउन स्थित रविंद्रा अस्पताल के संचालक से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। बदमाश ने उनके एक कर्मचारी को फोन किया है। कर्मचारी को धमकी दी कि अपने मालिक को दो करोड़ रुपये देने की कह देना। उनको पैसे नहीं मिले तो वे अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने अस्पताल के नजदीक नाका लगा दिया है।
बाॅक्स
मिट्ठन स्वीट्स के मालिकों से मांगे पांच करोड़
तहसील कैंप फतेहपुरी चौक स्थित मिट्ठन स्वीट्स के मालिकों से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी है। दुकान मालिक रजनीश और योगेश ने पुलिस को बताया कि उनके पास वॉट्सएप काल आई थी। व्यक्ति ने खुद को रणदीप मलिक बताया और पांच करोड़ रुपये की मांग की। उनको कहा कि ज्यादा चालाकी नहीं करनी है। ऐसा कुछ किया तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। उनसे पहले भी रंगदारी मांगी जा चुकी है।
बाॅक्स
शोरूम संचालक से मांगे 10 करोड़
शोरूम संचालक इसराना के सुक्रमपाल से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी है। उन्होंने थाना इसराना पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनके वाट्सएप पर 24 मार्च को एक अंजान नंबर से कॉल आई थी। उसने खुद को रणदीप मलिक बताया और 10 करोड़ रुपये देने की मांग की। सुक्रमपाल ने बताया कि उनका गुरुग्राम में एक शोरूम है। इसके अलावा खेती करते हैं। उनको जल्द ही पैसे नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है।
बाॅक्स
इसराना के दुकानदार से दो करोड़ मांगे
इसराना के दुकानदार हरेंद्र से दो करोड़ रुपये मांगे हैं। उन्होंने थाना इसराना पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 24 मार्च को शाम पौने पांच बजे वाट्सएप कॉल आई। उनको लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। उसने कॉल काट दी तो वॉट्सएप पर मैसेज आया। उनको पैसा नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी है।
वर्जन :
पांच लोगों ने रंगदारी मांगने की शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विदेश में बैठे रणदीप मलिक के नाम से सबसे रंगदारी मांगी है। पुलिस ने मांगने पर सुरक्षा भी दे दी है। लोगों को इस तरह की धमकी से डरना नहीं चाहिए। पुलिस आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।
भूपेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक।
-