जीटी रोड किनारे लगे अवैध यूनिपोल हटाती जेसीबी। संवाद
- फोटो : Archive
समालखा। जीटी रोड किनारे अवैध रूप से खड़े किए गए यूनिपोल के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई वीरवार को तीसरे दिन भी जारी रही। वीरवार को पट्टीकल्याणा गांव से लेकर सिवाह गांव तक पानीपत नगर निगम की टीम ने कार्यकारी अभियंता एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट गोपाल कलावत के नेतृत्व में करीब 22 यूनिपोल गिराए। कार्रवाई के दौरान गैस कटर, हाइड्रा मशीन और दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। हटाए गए यूनिपोल और अन्य सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लोड कर जब्त किया गया।
पट्टीकल्याणा गांव में एक ढाबे के पास यूनिपोल हटाने के दौरान एक कार खड़ी होने से करीब डेढ़ घंटे तक कार्रवाई प्रभावित रही। बाद में नगर निगम की रिकवरी वाहन से कार को हटाया गया, जिसके बाद टीम ने दोबारा यूनिपोल गिराने का काम शुरू किया।
सिवाह गांव के पास विरोध, पुलिस ने संभाला मोर्चा :
शाम के समय सिवाह गांव के नजदीक यूनिपोल हटाने के लिए कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में लोगों को समझाकर मामला शांत कराया गया और इसके बाद यूनिपोल हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।
अब तक 54 यूनिपोल हटाए :
नगर निगम के कार्यकारी अभियंता एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट गोपाल कलावत ने बताया कि वीरवार को पट्टीकल्याणा से सिवाह गांव तक करीब 22 अवैध यूनिपोल हटाए गए हैं। इसके साथ ही पानीपत से समालखा तक अब तक करीब 54 यूनिपोल गिराए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से लगाए गए यूनिपोल के मामले में जल्द प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ रिकवरी की कार्रवाई भी की जाएगी।
पहले हटाए गए थे 65, फिर दोबारा खड़े हो गए यूनिपोल :
पिछले वर्ष भी जीटी रोड किनारे करीब 65 यूनिपोल हटाए गए थे। इसके बावजूद बाद में कई स्थानों पर दोबारा यूनिपोल खड़े कर दिए गए। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए इस बार सख्त कार्रवाई शुरू की है। अधिकारियों के अनुसार जीटी रोड किनारे होटल, ढाबों और अन्य स्थानों पर लगे यूनिपोल से वाहन चालकों का ध्यान भटकने की आशंका रहती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अवैध यूनिपोल के खिलाफ अभियान तेज किया है।