पानीपत। एलटी लाइन के उपर से एचटी लाइन ले जाने और रात के समय में पाइप व केबल डालने से नाराज सेक्टर 40 के लोगों का धरना जारी है। सेक्टरवासियों ने समस्या के समाधान के लिए प्रशासन को 22 दिन का अल्टीमेटम (अंतिम चेतावनी) दिया है।
उल्लेखनीय है कि सेक्टर में एलटी लाइन के उपर से एचटी लाइन बिछाई गई थी और रात के समय में पाइप व केबल डाली गई थी। इसके विरोध में पिछले 44 दिन से सभी सेक्टरवासी सेक्टर-40 में धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि वे इससे पहले भी शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और जिले के डीसी को ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिसके कारण सभी सेक्टरवासियों में रोष फैला हुआ है। हु्ड्डा कॉन्फिडरेशन के जिला संयोजक बलजीत सिंह ने बताया कि पिछले दिनों में सेक्टर-40 का यह मामला आया था। जिसके खिलाफ सेक्टरवासी शिक्षा मंत्री और डीसी को ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन कार्रवाई ने होने के कारण सभी सेक्टरवासी पिछले 44 दिन से धरने पर बैठे हुए हैं। सेक्टरवासियों का कहना है कि बिजली निगम के एसडीओ कहते हैं कि उन्होंने पोल नहीं खड़े किए और कंपनी भी पोल लगाने की बात से पल्ला झाड़ती है। ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन की तरफ से अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
ज्ञापन में लिखा गया है कि सभी सेक्टरों के ग्रीन-बेल्टों व खाली पड़े प्लांटों की सफाई की जाए और उनकी चहारदीवारी पर कंटीले-तारे लगाए जाए। ग्रीन-बेल्टों पर अवैध कब्जे हटवाए जाए और रेत, रोड़ी, झुग्गी- झोपड़ियों का हटवाया जाए। ताकि वहां का वातावरण ठीक हो सके। सेक्टरों में स्ट्रीट-लाइटें ठीक करवाई जाए ताकि बढ़ रही चोरियों पर अंकुश लगाया जा सके। बिजली कटों को भी कम किया जाए। सेक्टरों में आने-जाने वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।
सेक्टरवासियों का कहना है कि वे धरने, प्रदर्शन व घेराव नहीं करना चाहते हैं। इसलिए 20-22 दिन के अंदर सरकार लिखित में सभी सेक्टरों की बैठक बुलवाएं और समस्याओं से सेक्टरवासियों को निजात दिलवाए।