निगम ने किराया न देने पर एक होटल समेत 20 दुकान सील की, कुछ ने बकाया चुकाया
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। नगर निगम ने किराया न चुकाने वाले दुकान संचालकों पर सख्त कदम उठाते हुए शुक्रवार सुबह एक होटल समेत 20 दुकानों को सील कर दिया। ये सब तीन से चार साल से निगम का किराया जमा नहीं कर रहे थे। बाद में होटल संचालक और कई दुकान संचालकों ने करीब दस लाख रुपये मौके पर ही जमा करा दिया। निगम ने ऐसे लोगों की सील तुरंत हटा दी।
मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम संयुक्त आयुक्त सुमन भांखड़ की अगुवाई में ईओ व अन्य अधिकारियों ने एक टीम बनाकर शुक्रवार सुबह छह बजे ही किराया न चुकाने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी। निगम की कार्रवाई करीब नौ बजे तक चली। दुकानदार सुबह के वक्त अपनी दुकानों पर पहुंचे तो वे सील लगी पाकर हैरान रह गए। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार मॉडल टाउन स्थित एक होटल पर करीब सात लाख रुपये किराया बकाया था। होटल संचालक व दुकानदार करीब तीन-चार साल से निगम को किराया नहीं जमा करा रहे थे। नगर निगम ने इन लोगों को कई बार नोटिस दे चुका था। निगम ने शुक्रवार को मॉडल टाउन में एक होटल, कंबल मार्केट में पांच दुकान, सनौली रोड पर एक जूस कॉर्नर के ऊपर एक, कुटानी रोड पर एक, इब्राहिम लोधी मार्केट में दो, भगत सिंह मार्केट में तीन, इंडस्ट्रियल एरिया में दो व हाली पार्क के नजदीक एक दुकान को सील किया। बताया जा रहा है कि इन पर निगम का करीब 40 लाख रुपये किराए के रूप में बकाया था। होटल संचालक ने निगम की टीम को मौके पर ही किराया चुका दिया। निगम को सुबह तीन घंटे चलाए अभियान में इन लोगों से किराए के रूप में करीब दस लाख रुपये मिला।