अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जिलेभर में सोमवार को ईद बड़ी धूमधाम के साथ मनाई। समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा कर अमन की दुआ की। रोजेदारों ने ईद उल फितर की एक-दूसरे को बधाई दी। कलंदर चौक, ईदगाह कॉलोनी, सनौली रोड, इमाम साहिब, माईजी मस्जिद सहित जिलेभर की मस्जिदों में नमाज अदा के लिए विशेष प्रबंध किए गए। दरगाह इमाम साहब में जगह न मिलने पर लोगों ने पानीपत-हरिद्वार रोड पर बैठकर नमाज अदा की।
ईद को लेकर समुदाय के लोगों में उत्साह दिखा। अल सुबह ही मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की तैयारियां कर ली थीं। नमाज अदा कर लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। शहर की सभी मस्जिदों में लोगों की चहल-पहल रही। दूसरी ओर शहर के प्रमुख बाजारों इंसार बाजार, पालिका बाजार, कलंदर चौक, मेन बाजार और सलारगंज गेट पर दिनभर भीड़ रही। ईद के दिन भी लोगों ने खरीदारी की। दरगाह शाह विलायत साहब परिसर में हजारों की संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इस दौरान नमाज अदा करने के लिए दरगाह में जगह नहीं मिली तो लोगों ने पानीपत-हरिद्वार रोड की एक लेन पर बैठकर नमाज अदा की। नमाज के बाद दरगाह परिसर में ईद मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसकी सदारत सज्जादानशीं हजरत सैयद मैराज हुसैन साबरी अध्यक्ष अंजुमन गुलामाने चिश्तिया साबरिया वैलफेयर सोसाइटी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद विज रहे। उन्होंने लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। कहा कि पानीपत के नवनिर्माण में जिले के मुस्लिम बुनकरों ने अहम योगदान दिया है। इस मौके पर सुनील सोनी, डॉ. अर्चना गुप्ता, प्राण रत्नाकर, सतीश चौहान, विजय मनचंदा, सुरेश कुमार, महेंद्र चुघ, सैय्यद हामिद हुसैन खादिम खास दरगाह शाह विलायत, इसरार, शमीम, इमाम हाफिज नसीम असलम, आसिफ, मोहम्मद श्यासुद्दीन मौजूद रहे।