पानीपत। शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने, शहर से अवैध विज्ञापनों को हटाने के साथ नगर निगम ने वीरवार को शहर को पाॅलिथीन मुक्त बनाने का अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान निगम टीम ने चार बाजारों से कुल 21 चालान काटे और दुकानदारों पर 36500 रुपये का जुर्माना ठोका। इस दौरान निगम टीम सब्जी मंडी, सनौली रोड, रामलाल चौक और असंध रोड पर पहुंची। यहां दुकानों की जांच की गई। इस दौरान निगम टीम ने करीब 25 किलोग्राम डिस्पोजल और सिंगल यूज प्लास्टिक के सामान को जब्त किया है। निगम की कार्रवाई को देखकर सिंगल यूज प्लास्टिक का होलसेल में काम करने वाले दुकानदार निगम टीम को देखकर शटर डाउन कर मौके से निकल गए।
निगम के सफाई अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के थैेले इत्यादि पूर्ण रूप से प्रतिबंध हैं। इन पर 500 रुपये से लेकर 25 हजार तक के चालान का नियम है। इसके अलावा अगर भारी मात्रा में ऐसी चीजें मिलती हैं तो इसमें प्रदूषण विभाग की टीम को साथ लेकर संयुक्त निरीक्षण के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में निगम की सफाई शाखा से निरीक्षक रिंकू शर्मा, विकास नरवाल, गुरमीत, परमजीत और राकेश मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि उनकी ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए सप्ताह का एक दिन निर्धारित कर लिया जाएगा।