बेसबॉल जोनल प्रतियोगिता में एसडीपीजी कॉलेज बना चैंपियन
पानीपत। एसडीपीजी कॉलेज की बेसबॉल पुरुष टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की जोनल प्रतियोगिता पर कब्जा किया और जीत का परचम लहराया। इस प्रतियोगिता में एसडी कॉलेज ने जीएमएन खालसा कॉलेज को 7-0 से हराया। साथ ही कॉलेज टीम ने इंटर जोनल प्रतियोगिता में एसए जैन अंबाला को 7-0 और जीएमएन अंबाला को 5-4 से पछाड़ते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर कॉलेज प्रधान डॉ. एसएन गुप्ता व कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने खिलाड़ियों की सराहना की। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. सुशीला बेनीवाल ने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा की। प्रो. गीता मलिक ने इसका श्रेय शारीरिक शिक्षा विभाग व खिलाड़ियों की मेहनत, परिश्रम व उनकी लगन को दिया। इस अवसर पर ग्राउंड मैन प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
चार खिलाड़ियों का हुआ ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में चयन :
लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे चार खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट के लिए हुआ है। टीम के खिलाड़ी शरीफ, सुमित, सूरज व विशाल की खेल प्रतिभा को देखते हुए उनका चयन नैशनल लेवल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।