हादसे में घायल के पैरों ने की हलचल, अभी भी बेहोश
पानीपत। कोहंड फ्लाईओवर कार हादसे में घायल चौथे छात्र नूरवाला निवासी मोहित परोचा के पैरों ने शनिवार सुबह से हलचल करनी शुरू की। लेकिन छात्र अभी भी बेहोश ही है। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने उन्हें मोहित के ठीक होने में बहुत ही लंबे समय तक इंतजार करने को बोला है। साथ ही बताया कि मोहित ने शनिवार को कई बार पैरों की मूवमेंट की है। उसके पैरो की मूवमेंट होने पर परिवार के लोग उससे बात करने की कोशिश करते है, लेकिन वो होश में ना होने की वजह रोते-बिखलते परिवार के लोगों की आवाज नहीं सुन पा रहा है। शुक्रवार, शनिवार को मोहित के सीटी स्कैन सहित अन्य कई तरह के टेस्ट किए गए है। जिनकी रिपोर्ट सोमवार को मिलेगी, जिसके आधार पर ही उसके स्वास्थ्य के बारे में कुछ स्पष्ट रूप से कहा जाएगा।
वहीं ग्राम पंचायत की पहल, घर-घर जाकर करेंगे अभिभावकों को करेगी जागरूक
थर्मल। गांव आसन कलां की ग्राम पंचायत गांव कोहंड के पास हुए हादसे के बाद 3 विद्यार्थियों की मौत से बहुत ही विचलित हुई है। गांव के सरपंच कृष्ण कुमार अनेजा ने बताया कि इस बारे में ग्राम पंचायत के विशेष रूप से अभियान चलाऐगी। गांव की समस्त पंचायत पढ़ी-लिखी होने के साथ युवा भी है। इसी कारण पूरी ग्राम पंचायत ने ये निर्णय लिया है कि वो खुद घर-घर जाकर अभिभावकों को समझाऐगी कि कोई भी ग्रामीण अपने छोटे बच्चों को वाहन न दें। नाबालिग बच्चे जहां वाहन को तेज गति से चलाकर अपनी जान गंवा रहे है तो वहीं दूसरों की जान के लिए भी खतरा बने हुए है। सरपंच ने बताया कि उन्होंने इस बारे में आस-पास के आधा दर्जन के करीब सरपंचों से बात की है। सभी सरपंच इस मुहिम में अपनी सहयोग देने को तैयार है। गांव शोदापुर के सरपंच राजेश सैनी ने बताया कि ग्राम पचांयत गांव के प्रत्येक स्कूल व घरों में जाकर यह अभियान चलाने जा रही है।
रोड सेफ्टी वीक को बढ़ाया गया: वत्स
जिले में हो रहे सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे है। इसके लिए अभिभावकों सहित आमजन को जागरूक किया जा रहा है। रोड सेफ्टी वीक को एक सप्ताह के लिए बढ़ाया गया है। ताकि इससे ज्यादातर स्कूल के बच्चों से जुड़ा जाएगा। सभी को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक होना पड़ेगा। ताकि सड़क हादसों पर पूर्ण रूप से लगाम लग सके।
- सतीश वत्स, डीएसपी ट्रैफिक