पुराने पोस्टमार्टम हाउस की होगी मरम्मत, फ्रिजर भी लगेंगे, इसमें गली सड़े शवों का होगा पोस्टमार्टम
पानीपत। सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके साथ साथ स्वास्थ्य विभाग कई और भवनों की मरम्मत भी कर रहा है। अब विभाग पुराने शव गृह की मरम्मत कराकर उसके आसपास सफाई कराएगा। पुराने शवगृह में दो फ्रिजर लगाए जाएंगे। इसमें गली सड़ी डैड बॉडी को रखा जाएगा वही पर इनका पोस्टमार्टम होगा। नए शवगृह में वही शव रखे जाएंगे जिनका पोस्टमार्टम होना है। फिलहाल नए पोस्टमार्टम हाउस में कई कई दिन पुरानी डैड बॉडी रखी होती है। 72 घंटे तक पुलिस इनके वारिसों को ढूंढने का प्रयास करती है जब कोई वारिस नहीं मिलता तो इनका लावारिस हालत में अंतिम संस्कार कर दिया जाता है।
गली सड़ी डैड बॉडी के कारण डॉक्टर व कर्मचारियों को करना पड़ता है दुर्गंध का सामना:
फिलहाल नए डैड हाउस में गली सड़ी डेडबॉडी भी रखी जाती है। इसी कारण यहां दुर्गंध रहती है। डॉक्टर व कर्मचारियों के साथ साथ पोस्टमार्टम कराने के लिए आने वाले मृतकों के परिजनों को भी परेशानी होती है। इसलिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नारायण डबास ने सिविल सर्जन ने जल्द मरम्मत कराने व फ्रिजर लगवाने की मांग की है। फिलहाल पुराने डैड हाउस में पानी की सप्लाई दी गई है।
मरम्मत कराकर पुराने डैड हाउस को इस्तेमाल करेंगे: डॉ. बागड़ी
फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने कुछ मांगे रखी है। उन्होंने अपनी सलाह दी है। इस पर अमल करते हुए पुराने डैड हाउस की मरम्मत शुरू कर दी गई है। इसमें फ्रिजर लगाए जाएंगे, ताकि गले सड़े शव रखे जा सके। आस पास सफाई भी करा दी गई है।
डॉ. डीएन बागड़ी, सिविल सर्जन पानीपत।