अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति जिले के बाद अब हलका स्तर पर सम्मेलन करेगी। इसमें सबके सहयोग और इसके बाद सरकार से हुए समझौते पर चर्चा की जाएगी। ये सम्मेलन 16 जुुलाई से शुरू होकर 27 अगस्त तक चलेंगे। पहला सम्मेलन ग्रामीण हलके के गांव राजा खेड़ी में 16 जुलाई को होगा।
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक अनाज मंडी में हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मास्टर मामन कवी ने की। बैठक में सरकार और समिति के बीच हुए समझौते की समीक्षा की गई। सभी सदस्यों को बताया गया कि सरकार जाटों को आरक्षण देने के लिए सकारात्मक प्रयास कर रही है। पूरे प्रदेश में युवा और महिला विंग के साथ हलका स्तर पर कमेटियों का गठन दस दिन में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति हलका स्तर पर बैठक करेगी। 16 जुलाई को गांव राजा खेड़ी, 30 जुलाई को इसराना मंडी, 13 अगस्त को पानीपत शहर और 27 अगस्त को समालखा हलके की बैठक होगी। इन सम्मेलनों को राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक, जोन प्रभारी रामभगत मलिक और सुरेश मच्छरौली संबोधित करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव सुरेश मच्छरौली, राष्ट्रीय सचिव प्रताप दहिया, सुरेंद्र मलिक, रणधीर नैन, कैप्टन रामचंद्र, सुरेश आर्य, रामकुमार मलिक, महिपाल जोशी, दयानंद बिंझौल, दिलबाग बिंझौल, शीशपाल जौरासी, राजेश मलिक, महेंद्र गुलिया, जगदीप घनघस, राजकुमार मलिक, रामनिवास निंबरी, सुमेर, राजेंद्र, प्रदीप इसराना आदि मौजूद रहे।