गोचरान जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर गांव में बना तनाव
सनौली। ऊझा गांव में गोचरान जमीन पर कुछ दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। जमीन को कब्जा मुक्त करवाने के लिए ग्रामीणों ने सीएम विंडो समेत उच्चाधिकारियों को कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन कार्रवाई न होने से खफा ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति रोष प्रदर्शन कर जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की है।
पूर्व सरपंच श्याम लाल, राजेंद्र, राजबीर, सुरेश, नरेंद्र, बलवान, कृष्ण, राममेहर, सुखबीर, बलवान, सतबीर आदि का कहना है कि गांव की गोचरान व पंचायती शामलात जमीन पर कुछ दबंग लोगों ने पिछले कई वर्षों से अवैध कब्जा कर रखा है। कब्जा होने से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जमीन से कब्जा मुक्त करवाने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों समेत सीएम विंडो में शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अभी तक किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे से भली भांति परिचित होने के बाद भी कार्रवाई करने की नाम पर पीछे हट रहे हैं। अधिकारियों के ढीले रवैये के आगे दबंगों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। अगर प्रशासन ने इस ओर जल्द ध्यान नहीं दिया तो किसी तरह की अनहोनी घटना घट सकती है। इस बारे सरपंच धर्मबीर रावल का कहना है कि गांव में कुछ लोगों से बात कर गौचरान भूमि से कब्जा छोड़ने और उसकी बोली कराने को कहा गया था। जल्द ही उन्हें सहमत कर इसकी बोली कराने की कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में पंचायत अधिकारी प्र मोद कुमार का कहना है कि गांव ऊझा में गोचरान व शामलात जमीन पर अवैध कब्जे होने की शिकायत है। जल्द ही निशानदेही करवाकर जमीन को कब्जा मुक्त करवा दिया जाएगा।