सड़क हादसों में तीन की मौत
मतलौडा। क्षेत्र के दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतको में दो व्यक्ति धर्मगढ़ गांव और एक अटावला गांव का है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
पहला सड़क हादसा धर्मगढ़ गांव के पास हुआ। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि धर्मगढ़ वासी राज मिस्त्री 43 वर्षीय चंद्रपाल और उसका मजूदर नन्हा उर्फ मेहरचंद दोनों निवासी धर्मगढ़ शनिवार शाम करीब 6 बजे ऊंटला गांव से मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में धर्मगढ़ गांव योगशाला के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चंद्रपाल के सिर से वाहन का पहिया उतर जाने से और नन्हा के सिर में गहरी चोटें होने के कारण दोनों की मौत हो गई। आनन फानन में गांव वासियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना अटावला गांव के पास हुई। जांच अधिकारी एचसी सुखविंद्र सिंह ने बताया कि 25 वर्षीय अंकित निवासी अटावला बाइक पर डूमियाना से अपने घर लौट रहा था। सामने से आ रहे टाटा एसी वाहन ने सीधी टक्कर मार दी। घटना के बाद से वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया। घायल अंकित को ग्रामीणों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अंकित ने बीच रास्ते में ही दम तौड़ दिया। अंकित अपनी इकलौती बहन का अकेला भाई था। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।