फोटो संख्या- 5 व 6
1509 की दिन-प्रतिदिन घट रही आवक, 1121 भी दे चुकी दस्तक
- तीन लाख 80 हजार क्विंटल से अधिक हो चुकी है धान की आवक
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। अनाज मंडी में धान की किस्म 1121 की आवक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। वहीं आवक बढ़ने के साथ-साथ धान के दाम में भी कुछ इजाफा हुआ है। इससे किसानों के चेहरे में हल्की रौनक देखी जा सकती है। धान के बढ़े दाम किसानों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम कर सकते हैं लेकिन बारिश व बीमारी ने किसानों को जो जख्म दिए हैं, उन्हें भर पाना मुश्किल है। दूसरी ओर, धान की किस्म 1509 की आवक धीरे-धीरे कमजोर पड़ती जा रही है। सप्ताह भर पहले जहां धान की किस्म 1509 की आवक प्रतिदिन लगभग 20 से 25 हजार क्विंटल हुई थी, वहीं अब इस धान की आवक घटकर लगभग छह हजार क्ंिवटल रह गई है। आगामी दिनों में इसकी आवक कमजोर हो जाएगी।
बता दें कि पानीपत व बाबरपुर की अनाज मंडी में 19 अक्तूबर तक 3 लाख 81 हजार क्विंटल से अधिक धान की आवक हो चुकी थी। इनमें 1509 धान की आवक 2 लाख 81 हजार, पीआर की आवक 98 हजार तथा 1121 की आवक 2600 क्विंटल हो चुकी है। अनाज मंडी में पीआर की आवक अब लगभग नगण्य हो चुकी है जबकि किस्म 1509 की आवक घटकर 6 हजार क्विंटल तक रह गई है। वहीं किस्म 1121 की आवक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। दूसरी ओर, धान के दामों में भी हल्का उछाल आया है। किस्म 1509 के दाम में लगभग 400 रुपये प्रति क्विंटल का उछाल आ चुका है। शनिवार को 1509 किस्म के ऊच्चतम दाम 2900 रुपये रहे। वहीं धान की किस्म 1121 की अच्छी क्वालिटी की धान की बोली 3400 से 3600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच लगाई जा रही है।
किस धान की कितनी आवक व वर्तमान भाव
धान की किस्म आवक (क्विंटल में) भाव
1509 2.81 लाख 2500-2900 रुपये
पी-आर 98 हजार 1770 रुपये
1121 2600 3400-2600 रुपये
बढ़ रही 1121 धान की आवक : दीक्षित
धान की किस्म 1509 की आवक अपनी अवधि के उत्तरार्ध में होने के कारण कम हुई है जबकि किस्म 1121 की आवक व खरीद शुरू हो चुकी है। शुक्रवार शाम तक 3 लाख 81 हजार धान की खरीद हो चुकी है। धान की किस्म 1509 के रेट 2900 रुपये प्रति क्विंटल के करीब पहुंच चुके हैं वहीं 1121 के रेट 3400 से 3600 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं। आगामी दिनों में 1121 के दाम बढ़ने की संभावना है।
-अनिल दीक्षित, सचिव, मार्केट कमेटी, पानीपत।