अमर उजाला ब्यूरो
सनौली। गांवों के आसपास सड़कों पर घूमते गोवंशों से हादसे बढ़ रहे हैं। सोमवार शाम गांव छाजपुर में सड़क पर गायों के झुंड आने से दो अलग-अलग बाइक सवारों की टक्कर हो गई और चार लोग घायल हो गए।
सड़क किनारे दुकानदारों ने दोनो बाइक सवार चारों घायलों को निजी अस्पताल में उपचार करा कर उनके घर भेजा। शाम को करीब साढें 6 बजे अंधेरा होने पर छाजपुर सड़क पर खेतों से गायें सड़क पर आ खड़ी हुई। तभी कई गायों और बैलों में भिड़ंत हो गई। इस पर गायों के चपेट में दो अलग-अलग बाइक सवार आ गए। जिससे बाइक सवार राजेश, सुखपाल निवासी शामली और दूसरी बाइक पर सलीम व मेहरबान निवासी कैराना घायल हो गए। ये चारों दो अलग-अलग बाइकों पर पानीपत से यूपी अपने घर जा रहे थे।
ग्रामीण ब्लॉक समिति सदस्य राजेन्द्र पंवार, कृष्ण चंद, राजेन्द्र रावल, महाबीर, सुखबीर आदि का कहना है कि गांवों में भी बड़ी संख्या में गोवंश सड़क किनारे बैठे रहते हैं। दिन में ये खेतों की ओर चले जाते हैं और शाम होते ही खेतों में मच्छर अधिक होने पर गांव के अड्डे पर सड़क पर आ कर बैठ जाते हैं। इससे अंधेरे में तेज गति से आते-जाते वाहनों से दुर्घटना का अंदेशा बना रहता हैं।
दूसरी ओर गांव सनौली खुर्द में स्थित गोशाला मुनीम हरीराम ने बताया कि गोशाला में एक हजार के लगभग गाएं हैं जिनके लिए चारा भी मुश्किल से एकत्रित किया जा रहा है। गोशाला में पिछले कई महीने से गोभक्त भी कम ही दान आदि देने में रुचि दिखा रहे है जिससे गायों के सूखे चारे के लिए लाले पड़ने लगे हैं। गोशाला के कर्मचारियों को भी कई महीने से खर्च भी नहीं मिल पा रहा है।