खनन राज्य मंत्री ने जनप्रतिनिधियों की ली बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। खनन एवं भू-विज्ञान राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों की बैठक ली और उनको 17 सितंबर को सोनीपत में भगवान विश्वकर्मा जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक रैली के बारे में जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि रैली को मुख्यमंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय श्रम मंत्री के साथ अन्य मंत्री भी संबोधित करेेंगे। इस रैली में प्रदेश के श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक मुख्यमंत्री द्वारा अनेक श्रमिक हितैषी योजनाओं की घोषणा भी की जाएंगी। मंत्री सैनी ने बताया कि इस सम्मेलन में निर्माण कार्य से जुड़े पंजीकृत श्रमिक ज्यादा से ज्यादा भाग लेंगे। सरकार ने श्रमिकों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ सीधे तौर पर श्रमिकों को मिल रहा है। विभाग द्वारा 22 ऐसी योजनाएं हैं, जो पंजीकृत श्रमिकों को लाभ पहुंचा रही है। भ्रष्टाचार को मिटाने और पारदर्शिता लाने के लिए योजनाओं का लाभ विभाग द्वारा श्रमिकों के खाते में ऑनलाइन करवाया जाता है।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों की सुविधा के लिए जगाधरी, पानीपत और फरीदाबाद में 50-50 बैडों के ईएसआई अस्पताल थे, अब इन अस्पतालों में बैडों की संख्या अपग्रेड करने की मंजूरी मिल चुकी है। इसके साथ-साथ रेवाड़ी के बावल में 250 बैड क्षमता का नया ईएसआई अस्पताल और बहादुरगढ़ में 100 बैड क्षमता का नया ईएसआई अस्पताल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक महिपाल ढांडा, श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रमेश बल्हारा, श्रम कल्याण बोर्ड के सलाहकार हनुमान गोदारा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद विज, जिला महामंत्री राममेहर मलिक, देवेंद्र दत्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सलूजा, धर्मपाल जागलान, जिला भाजपा अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष अशोक कटारिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव दहिया, युवा जिला अध्यक्ष मेघराज गुप्ता, पार्षद दुष्यंत भट्ट, हरीश शर्मा, सत्यवान शेरा, लोकेश नांगरू व सुनील सोनी मौजूद रहे।