कंपनी में केमिकल में आग लगी, झुलसने से एक की हालत गंभीर
-मजदूरों ने कहा-कंपनी की लापरवाही, वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से लगी आग
-कंपनी प्रबंधन के अनुसार ड्रम के दीवार से टकराने पर निकली चिंगारी से लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सेक्टर-29 पार्ट टू स्थित राज ओवरसीज कंपनी के प्लांट में सोमवार की दोपहर स्टोर रूम में रखे केमिकल को निकालने के दौरान लगी आग में झुलसने से तीन मजदूर झुलस गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
राज नगर कॉलोनी में रहने वाला आकाश (19) अपने साथी जितेंद्र और कैलाश के साथ कालीन पैकिंग कंपनी के स्टोर रूम में रखे ड्रम से एसीटोन (केमिकल) निकाल रहा था। सुबह 11.40 पर अचानक चिंगारी आने से आग लग गई। इससे तीनों झुलस गए। इस दौरान आकाश गंभीर रूप से झुलस गया। उसे पहले पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने के कारण रेफर कर दिया। उसके साथियों ने फिर पार्क अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उसका उपचार चल रहा है।
आकाश के साथ काम करने वाले सचिन का आरोप है कि कंपनी की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। जिस जगह केमिकल लगा हुआ है उसी के ठीक ऊपर रेलिंग पर वेल्डिंग की जा रही थी। वहां से निकली चिंगारी से केमिकल में आग लग गई। जब केमिकल निकालने का काम होता है, उस दौरान अगर वेल्डिंग न होता तो हादसा न होता। उधर, कंपनी के मैनेजर दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि ड्रम में केमिकल कम था। श्रमिक उसे नीचे करके केमिकल निकालने का प्रयास कर रहे थे। अचानक ड्रम के फिसल कर दीवार से टकराने पर निकली चिंगारी से आग लगी। इसे कंपनी में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम से काबू किया गया।