लड़की को हवा में उड़ाया और बिजली के आरे से लड़की के दो टुकड़े किए
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह के उपलक्ष्य के अंतर्गत एसडी पीजी कॉलेज में जादूगर सम्राट शंकर ने लड़की को हवा में उड़ाना व बिजली के आरे से लड़की के दो टुकड़े करना जैसे कई आश्चर्य चकित करने वाले शो दिखाकर उपस्थिति को दो घंटे तक बांधे रखा। जादूगर सम्राट शंकर ने खचाखच भरे हाल में दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण, एड्स से बचाव, नशे से दूर रहने, रक्तदान एवं नेत्रदान करने के अलावा जल संरक्षण का भी संदेश दिया।
एसडी पीजी कॉलेज में 24 से 26 तक चलने वाले जादू के शहंशाह सम्राट शंकर सीनियर के जादू के शो का मंगलवार को आयोजन किया गया। मुख्यातिथि सीटीएम संजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित शो का शुभारंभ किया। एसडी कॉलेज प्रबंधकारिणी के प्रधान दिनेश गोयल, उप-प्रधान पवन गोयल और प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने अतिथियों का स्वागत किया। जादूगर मोतीलाल ने आंखों पर पट्टी बांधकर बाइक चलाई। जिसे ट्रैफिक एसएचओ महेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वाटर ऑफ इंडिया से शुरू हुआ शो
जादूगर शंकर सम्राट ने शो की शुरुआत वाटर ऑफ इंडिया के प्रदर्शन से की। जिसमें कुछ समय के अंतराल के बाद लुटिया से बार-बार पानी निकलता था। लड़की को हवा में घुमाने के अतिरिक्त अन्य लाजवाब प्रदर्शन भी किए। उन्होंने एलुजन ऑफ अमेरिका शो के माध्यम से बक्शे में बंद लड़की को गायब कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। रंगीन इंद्रजाल के माध्यम से मीना बाजार तथा रूमाल, कागज व किताब से सफेद कबूतर निकालकर कला का भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने समाचार पत्र के टुकड़े-टुकड़े करके एक बार पुन: सही समाचार पत्र भी बनाकर दिखाया। उन्होंने छह फुट के व्यक्ति को बॉक्स में बंद करके दो फुट का व्यक्ति बनाकर भी दिखाया। शंकर ने दर्शकों से एक कागज का टुकड़ा लेकर दो हजार रुपये के नोट में बदलकर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। इस मौके पर डॉ. मुकेश पुनिया, डॉ. एसके वर्मा, डॉ. राकेश गर्ग, राकेश कुमार मैनेजर, शशि मोहन व दीपक मित्तल मौजूद रहे।
कॉलेज में तीन दिन तक करेंगे अपने चमत्कारों का प्रदर्शन
फोटो-6 से 8