पानीपत। वार्ड 11 में चोरों ने एक श्रमिक के कमरे में घुसकर साढ़े 18 हजार रुपये, कपड़े, मोबाइल व बाइक की चाबी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर कमरे के बाहर की कुंडी लगा गए। वारदात के समय श्रमिक सो रहे थे। उन्हें सुबह कमरे में सामान बिखरा देख वारदात की भनक लगी। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची किला थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
किला थाना पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के शामली स्थित कैराना निवासी कुर्बान ने बताया कि वह माटा चौक पर किराए के मकान में रहता है। वह एक फैक्टरी में श्रमिक है। उसके साथ दूसरे कमरों में किराए पर नासिर, आमिर और अरशद भी रहते हैं। गत 15 फरवरी की रात करीब 10 बजे खाना खाकर वह सो गया। 16 फरवरी की सुबह करीब पांच बजे नींद खुली तो सारा सामान बिखरा मिला। कमरे से उसका मोबाइल फोन और 18500 रुपये, एक बैग, कपड़े और बाइक की चाबी चोरी मिली। कमरे से बाहर निकलना चाहा तो बाहर से कुंडी लगी मिली। आसपास के लोगों ने कुंडी खोलकर उन्हें बाहर निकाला।