बहन की फर्जी मार्कशीट पर चुनाव लड़ने वाली महिला सरपंच बर्खास्त
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा। कस्बे के गांव नारायणा की महिला सरपंच सीमा रानी पत्नी जयकुमार को सरपंच पद से बर्खास्त कर दिया गया है। शिकायत के मुताबिक कपिल शर्मा पुत्र सुगन चंद्र शर्मा गांव नारायणा को पता चला कि गांव की सरपंच सीमा रानी अपनी असली पहचान छिपाकर अपनी बहन के नाम का व उसके शिक्षा प्रमाणपत्र का प्रयोग करके चुनाव लड़ी थी व सरपंच बन गई थी। शिकायत के आधार पर महिला सरपंच के दस्तावेजों की जांच की गई तो वो फर्जी निकले। इस मामले की जांच उपायुक्त सुमेधा द्वारा कि गई है, जिसमें उन्होंने बताया कि सरपंच को 11 जनवरी 2019 को कार्यालय में पहुंचने का नोटिस दिया गया था, जिसमें वह नहीं पहुंची। जिसके बाद महिला सरपंच को 14 जनवरी को सुबह दस बजे बुलाया गया, लेकिन वह शाम पांच बजे पहुंची। पहुंचने के बाद महिला द्वारा दिखाए गए दस्तावेज व महिला द्वारा दिया गया जवाब संतोष जनक नहीं था। जिस कारण उसको सरपंच पद से बर्खास्त कर दिया गया है। सीमा अपनी बहन की आठवीं की मार्कशीट का प्रयोग करके सरपंच बनी थी।