अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
हुडा औद्योगिक सेक्टर-25 के पार्ट-टू में दो बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार की शाम हरिसंस कंपनी के सीनियर सुपरवाइजर से 10 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। बदमाश कैश लूटकर समालखा की ओर फरार हो गए। सीनियर सुपरवाइजर ने बदमाशों का एक किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। बदमाशों की पूरी वारदात फैक्टरियों के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वारदात के बाद सुपरवाइजर सीधा सेक्टर 29 पुलिस चौकी में पहुंचा। वहां उसने पूरी वारदात के बारे में पुलिस को बताया। इसके बाद हरिसंस कंपनी के मालिक अनिल विज को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने बीटी कर शहर में नाकाबंदी की और लुटेरों की तलाश की।
सूचना मिलते ही डीएसपी जगदीप दूहन, एसएचओ सुरेश कुमार, सीआईए टू प्रभारी योगेश कुमार, सीआईए 3 प्रभारी प्रवीण कुमार व सेक्टर 29 चौकी इंचार्ज महाबीर सिंह मौके पर पहुंचे। सीआईए सुपरवाइजर को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
चरणजीत उर्फ शम्मी पुत्र विलायती राम शर्मा निवासी कृष्णा कालोनी, तहसील कैंप, हरिसंस ऑटो मोबाइल में सीनियर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत है। शनिवार की शाम साढ़े 5 बजे चरणजीत 10 लाख रुपये की नकदी बैग में रख कर शोरूम से अपनी बाइक पर सवार होकर हुडा औद्योगिक सेक्टर-25, पार्ट-टू में प्लॉट नंबर 187 हरिसंस एक्सपोर्ट हाउस ऑफिस के लिए रवाना हुआ। पैसों का बैग वह बाइक की टंकी पर रखा हुआ था। चरणजीत को रकम एक्सपोर्ट हाउस के ऑफिस में जमा करनी थी। वह जैसे ही एक्सपोर्ट हाउस के पास पहुंचा तो पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उससे बैग छीन कर फरार हो गए। चरणजीत ने घटना की सूचना हरिसंस के ऑटो मोबाइल शोरूम व एक्सपोर्ट हाउस ऑफिस को दी। यहां से घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम व थाना चंदनी बाग पुलिस को दी गई। इधर, थाना चांदनी बाग पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चरणजीत से पूरे मामले की जानकारी ली। जबकि बड़ी संख्या में एक्सपोर्ट व टेक्सटाइल फैक्टरी मालिक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने चरणजीत से लुटेरों के हुलिये की विस्तार से जानकारी ली।
सेक्टर 25 की पुलिया से पीछा करना किया था शुरू
चरणजीत ने बताया कि पलसर सवार दोनों लुटेरों ने उसका सेक्टर 25 की पुलिया से पीछा करना शुरू किया था। मैंने पैसों से भरे बैग को अपनी बाइक के टंकी पर रखा था। प्लॉट नंबर 187 से 20 मीटर पहले बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पैसों से भरा बैग छीन लिया। दोनों तेज रफ्तार से समालखा की ओर भागे। उसने लगभग एक किलोमीटर दूर तक उनका पीछा किया, लेकिन उनकी बाइक की स्पीड इतनी थी कि कुछ ही देर बाद वो दिखाई देना बंद हो गए। इसके बाद वो पुलिस चौकी में पहुंचे।
तीन माह में 13 बड़ी वारदात, सिर्फ एक हुई ट्रेस
पानीपत में अपराध का ग्राफ बढ़ने से जनता दहशत में है। जनवरी माह में चार हथियारबंद बदमाशों ने गोल्ड लोन देने वाली कंपनी से 4.80 करोड़ रुपये कीमत का सोना व नकदी लूटी थी। लूट की इस वारदात की पानीपत पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा सकी। 20 दिन पहले बदमाशों ने देव मूर्ति कॉलोनी में उद्योगपति संजय चौधरी के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बनाकर 5 लाख कैश व 10 लाख की ज्वेलरी लूटी थी। बदमाशों ने पिस्तौल के बट से हमला कर परिवार के लोगों को घायल भी कर दिया था। पुलिस के हाथ इस मामले में भी पूरी तरह खाली है। इसके अलावा फरवरी माह में लूट की कुल 10 छोटी बड़ी वारदातें हुई है। इनमें से तीन वारदात कार लूट की है। इनमें से 9 वारदातें पूरी तरह अनट्रेस है। शनिवार को बदमाशों ने हरिसंस के कर्मचारी से पिस्तौल के बल पर 10 लाख रुपये लूट लिए।
बदमाशों की कुछ हरकतें सीसीटीवी कैमरे से मिली है। कंपनी के सुपरवाइजर से भी जानकारी ली जा रही है। पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
जगदीप दूहन, डीएसपी हेडक्वार्टर, पानीपत।
फैक्टरी में 10 लाख रुपये जमा कराने जा रहे कंपनी कर्मचारी से बाइक सवार बदमाशों ने लूटा रुपयों से भरा बैग
-सुपरवाइजर ने लुटेरों का एक किलोमीटर दूर तक किया पीछा, बदमाशों की हरकतें सीसीटीवी कैमरे में कैद
-हुडा के सेक्टर 25 के पार्ट-टू में दिया लूट की वारदात को अंजाम
फोटो संख्या 21 से 24