मुहर्रम जुलूस में विधायक पति की जेब काटते रंगे हाथों धराया जेबकतरा, भीड़ ने जमकर धुना
अमर उजाल ब्यूरो
पानीपत। कलंदर दरगाह पर मुहर्रम के जुलूस में शहरी विधायक पति सुरेंद्र रेवड़ी की जेब काटते एक जबकतरे को रंगे हाथों दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने जेबकतरे को जमकर पीटा। संवेदी किला थाना पुलिस शहरी विधायक की जेब काटने के आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने की सूचना के बाद करीब 25 मिनट देरी से पहुंची। इस दौरान भीड़ आरोपी जेबकतरे को कलंदर दरगाह के पीछे वाले गेट से पीटती हुए वीर भवन चुंगी तक ले गए। किला थाना पुलिस इसके बाद मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
दरागह हजरत मखदूम साहब सोसाइटी द्वारा रविवार को मुहर्रम का जुलूस निकाला गया। शहरी विधायक पति सुरेंद्र रेवड़ी मुख्यातिथि रहे। वे दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे कलंदर दरगाह में जुलूस को शुभारंभ करने पहुंचे। बताया जा रहा है कि विधायक पति सुरेंद्र रेवड़ी को मुख्य गेट पर भीड़ के चलते पिछले गेट से बाहर ले जाने लगे। गेट के नजदीक भीड़ में शामिल एक युवक ने उनकी जेब काटने का प्रयास किया। विधायक के साथ चल रहे लोगों ने जेबकतरे को रंगे हाथों दबोच लिया। इसकी जानकारी लगते ही लोग भड़क गए और जेबकतरे की धुनाई कर दी।
पांच मिनट के रास्ते में 25 मिनट देरी से पहुंची पुलिस
शहरी विधायक पति ने जेबकतरे को भीड़ से छुड़वाया और उससे बातचीत की। लोगों ने इसकी सूचना किला थाना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि किला थाना पुलिस पांच मिनट के सफर में 25 मिनट देरी से पहुंची। इस दौरान भीड़ जेबकतरे की धुनाई करती रही। वे आरोपी को कलंदर दरगाह के पिछले गेट से वीर भवन चौक पर पहुंच गई। एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा। लोगों ने आरोपी को पुलिसकर्मी के हवाले कर दिया।
पुलिसकर्मी ने पब्लिक की मदद मांगी
बताया जा रहा है कि किला थाना से पहुंचे एक पुलिसकर्मी ने भीड़ से आरोपी को काबू तो कर लिया, लेकिन वह अकेले उसे संभाल नहीं पाया। उसने आरोपी को पकड़ने के लिए पब्लिक की मदद ली। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी को आरोपी के अकेले में हाथ छुड़वाकर भाग जाने की चिंता थी। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ लगी रही।
फोटो-25 से 27
जुलूस में लगे या हुसैन के नारे
पानीपत। दरगाह हजरत मखदूम साहब सोसाइटी द्वारा मुहर्रम का जुलूस निकाला गया। अखाड़ा पहलवानों ने ताजिये व लाठियों के पटा खेल और मातम के साथ जुलूस निकाला गया। उन्होंने या हुसैन या हुसैन के नारे लगाए। मुख्यातिथि भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी ने शिरकत की। उन्होंने समुदाय के लोगों को इस घड़ी में साहस जुटाया। जुलूस कलंदर साहब की दरगाह से निकाला और गुड़ मंडी के रास्ते संजय चौक करबला पहुंचा। उप प्रधान इरफान अली ने बताया कि मुहर्रम करबला के शहीदों की याद में निकाला जाता है। इस मौके पर सूफी सैय्यद ऐजाज अहमद, हाश्मी जहीरुद्दीन, शराफत अहमद इंतजार, सोनू अरशद मलिक व अखाड़ा प्रधान शौकत अली मौजूद रहे।
कलंदर दरगाह पर एक युवक द्वारा जेब काटने के प्रयास की जानकारी मिली है। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गया था। इसमें अब तक पुलिस को शिकायत नहीं मिली है। पुलिस शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।
सुरेश पाल, प्रभारी, किला थाना, पानीपत।
मैं रविवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों के बुलावे पर दरगाह कलंदर साहब में मुहर्रम जुलूस में शामिल हुआ था। मैं वहां से वापस आ रहा था और एक युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर मेरी जेब काटने की कोशिश की। लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी को किला थाना पुलिस को सौंप दिया है। इस मामले में उचित कार्रवाई कराई जाएगी।
सुरेंद्र रेवड़ी, विधायक पति, पानीपत शहरी।
-शहरी विधायक पति सुरेंद्र रेवड़ी मुहर्रम जुलूस में बतौर मुख्यातिथि हुए थे शामिल, आरोपी को किया पुलिस के हवाले
फोटो-22 से 24 और 25 से 27