माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पिछले एक माह से कोरोना का खतरा अधिक बढ़ गया है। एक माह से हर रोज औसतन कोरोना के पांच नए रोगी मिल रहे हैं। जुलाई में अब तक 81 नए रोगी मिल चुके हैं और 79 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। शुक्रवार को सबसे अधिक कोरोना के 17 नए केस मिले हैं। अब जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 41 हो चुकी है। संक्रमित मरीजों में न्यू फ्रेंडस कॉलोनी में रहने वाले माता-पिता व पुत्र सहित एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं। इसके अलावा कोरोना से संक्रमित चार बच्चे भी मिले हैं। इन सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है।
डॉक्टरों के अनुसार जो लोग बाहर से घूमकर लौट रहे हैं उनमें संक्रमण की संभावना अधिक मिल रही है। शुक्रवार को ढाई माह में कोविड की सबसे अधिक सैंपलिंग भी हुई है। शुक्रवार को 385 लोगों ने अपनी जांच कराई है। शुक्रवार को तीन लोग ठीक भी हुए हैं। ओपीडी में आने वाले बुखार, खांसी व जुकाम रोगियों को सैंपलिंग की सलाह दी जा रही है। सिविल सर्जन ने डॉक्टरों को सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिले में अब कोरोना के रोगियों की संख्या 36271 हो चुकी है। इसमें से 35566 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। 678 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जिले का कोरोना पॉजिटिविटी रेट अब तक 6.1 प्रतिशत है। सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादियान ने कहा कि कोरोना के रोगियों की संख्या एकाएक बढ़ी है। लोगों से अपील है कि कोरोना के नियमों का पालन करें। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण हैं वो जांच अवश्य कराएं। नोडल अधिकारी को कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।