पानीपत बिजली निगम में बनाई आई टी सेल, आईटी से संबंधित सभी कार्य होंगे एक ही जगह
पानीपत। बिजली निगम के सर्कल ऑफिस में सोमवार को एक आई टी सेल बनाई गई। जिसमें जिले के पूरे ऑनलाइन काम की मोनीटरिंग की जाएगी। एसई पीके गोयल ने बताया कि आईटी सेल के लिए अलग कमरा तैयार किया गया है। जिसमें यूडीसी पूनम को इंचार्ज बनाया गया है व विकास को फीडबैक का काम दिया गया है। आईटी सेल फिलहाल पूरी तरह से बनकर तैयार नहीं हुआ है। जल्द ही आईटी सेल के अंदर कुछ अन्य कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। आईटी सेल में ही आईटी से संबंधित सारे काम किए जाएंगे।
पानीपत की रोजाना रिपोर्ट की जाएगी साइट पर अपडेट :
जिले में रहे बिजली कट, फिडर ब्रेक डाउन सहित अन्य बहुत सी जानकारियां साइट पर डाली जाएगी। साइट पर अपडेशन के मामले में पानीपत पहले से ही प्रदेश में अव्वल रहा है। आईटी सेल अपडेशन के साथ-साथ अन्य जगहों से अपडेट होने वाली जानकारी का भी ब्योरा रखेगी। जिसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक भेजी जाएगी।
नए कनेक्शनों का किया जाएगा आंकलन :
आईटी सेल में ही जिले में दिए गए नए व पुराने कनेक्शनों का आंकलन किया जाएगा, आईटी सेल सदस्य विकास ने बताया कि जिले में किस दिन कितने कनेक्शन दिए गए, कितने आवेदन आए सारा डाटा आईटी सेल में ही तैयार होगा।
पानीपत में ही बना है पहला आईटी सेल
यह प्रदेश का पहला आईटी सेल बनाया गया है। इसमें सभी आईटी कर्मचारियों के लिए अलग से कमरा बनाया गया है। नया फर्नीचर भी लगवाया जाएगा व नए कंप्यूटर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सभी सबडिवीजन को उपलब्ध करवाएंगे इंटरनेट संबंधी सभी फंक्शन :
आईटी सेल का काम सभी सबडिवीजन को आरपी, डीआरपी फंक्शन उपलब्ध करवाना होगा। आइटी इंचार्ज पूनम ने बताया कि किसी भी सबडिवीजन में इंटरनेट संबंधित कोई भी दिक्कत आती है तो उसको भी सर्कल आईटी सेल ही ठीक करवाएगा।
बिजली से संबंधित मोबाइल ऐप को स्मूथ व फ्रेंडली बनाया जाएगा :
बिजली निगम से संबंधित सभी ऐप का रिव्यू लिया जाएगा। जहां भी किसी को ऐप का प्रयोग करने में दिक्कत आ रही होगी, उसके बारे में फिडबेक लिया जाएगा व ऐप में आ रही कठिनाइयों को दूर करके फ्रेंडली बनाया जाएगा। ऐप को स्मूथ बनाया जाएगा।