कश्मीरी छात्र का कॉलेज से निष्कासन और निगरानी समिति गठित
अमर उजाला ब्यूरो
इसराना (पानीपत)।
क्षेत्र के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के एक कश्मीरी छात्र की ओर से वीरवार की रात सोशल मीडिया पर किसी मुद्दे पर शाहिद अफरीदी को बाप लिखने व कपिल देव के माध्यम से देश के लिए गाली लिखने के मामले में सोमवार को युवा जागरूक मंच के सदस्यों ने करीब एक घंटे तक प्रदर्शन कर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और भारत माता के जयकारे लगाए। बाद में कॉलेज प्रबंधन की ओर से कश्मीरी छात्र को कॉलेज से तुरंत निकाले जाने, फाइनल परीक्षा में शामिल न होने देने व भविष्य में ऐसे विवादों पर रोकथाम व निगरानी के लिए एक कमेटी गठित करने की बात पर मामला शांत हुआ।
मंच की तरफ से प्रदर्शन का नेतृत्व सुमित जागलान व जयदेव नौल्था कर रहे थे। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी जितंद्र आंतिल के समझाने पर कॉलेज प्रबंधन व मंच के सदस्यों के बीच गेट पर ही वार्ता हुई। कॉलेज प्रबंधन की ओर से कश्मीरी छात्र को कॉलेज से तुरंत निकाले जाने का प्राचार्य का हस्ताक्षर किया पत्र मंच के सदस्यों व थाना प्रभारी को दिया गया है। इसके बाद चार दिनों से चल रहा गरमाया हुआ मामला प्रबंधन की ओर से छात्र के खिलाफ कार्रवाई से शांत हो गया। मामले को लेकर सोमवार को युवा जागरूक मंच के सदस्य कॉलेज के गेट पर जमा हो गए।
ये था मामला
आरोपी कश्मीरी छात्र इंजीनियरिंग कॉलेज में फाइनल ईयर में पढ़ता था। सोशल मीडिया पर मामला उजागर होते ही जिला मुख्यालय से डीएसपी बिजेंद्र सिंह व इसराना थाना प्रभारी ने कॉलेज प्रबंधन समिति से बात कर कश्मीरी छात्र के बारे में जानकारी जुटाई थी। मंच के सदस्य नीरज आर्य वासी नौल्था ने उक्त कश्मीरी छात्र के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस को शिकायत दी थी। उक्त छात्र के बारे में तर्क दिया था कि उक्त छात्र वीरवार को ही कॉलेज से किसी घरेलू कार्य के लिए अवकाश लेकर चला गया था। इस बारे में छात्र द्वारा अवकाश लेने के लिए वार्डन को लिखी एप्लीकेशन भी दिखाई गई थी।
फोटो-क्षेत्र के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के एक कश्मीरी छात्र प्रकरण में युवा जागरूक मंच कालेज गेट पर प्रदर्शन करते हुए।
फाटो-एक इंजिनियरिंग कालेज के गेट पर पर प्रबंधन से बात करते हुए मंच के सदस्य।