तोड़ा गया गुंबद का प्रथम तल और बाजार के तरफ की दीवार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गुरुद्वारा पहली पातशाही के गुंबद के प्रथम तल को तोड़ना शुरू कर दिया और साथ में बाजार के तरफ की दीवार का कुछ हिस्सा तोड़ा गया है। इससे गुरुद्वारे के अंदर का मलबा बाहर निकालने में आसानी रहेगी। वहीं गुरुद्वारा के लोगों ने सरकार की तरफ से जिला प्रशासन के पास पहुंची आर्थिक सहायता संबंधित परिवारों तक पहुंचाने में काम शुरू कर दिया है।
विदित है कि पिछले सोमवार को गुरुद्वारा पहली पातशाही का दो मंजिला भवन व तीन मंजिला गुंबद गिर गया था। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी और करीब नौ लोग घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हादसे में मारे लोगों को पांच-पांच लाख, गंभीर घायलों को दो-दो व घायलों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की थी। जिला प्रशासन के पास ऐसे लोगों की करीब 33 लाख रुपये की राशि पहुंच गई है। अब गुरुद्वारा प्रबंधन ने हादसे की पुलिस रिपोर्ट लेनी शुरू कर दी है। इसके आधार पर ही संबंधित लोगों को आर्थिक मदद पहुंचाई जाएगी। गुरुद्वारा में वीरवार को गुंबद की तीसरी व आखिरी मंजिल को तोड़ने का काम शुरू किया गया। गुंबद की ऊपरी दो मंजिल टूटने के बाद अब खतरा टल गया है। तकनीशियनों व कारीगरों ने सोमवार को बाजार के हिस्से की दीवार के कुछ हिस्से को तोड़ा।