पानीपत। सर्दी बढ़ने के साथ ट्रेनों की रफ्तार धीमी होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। लंबे रूट की ट्रेनों के साथ ही दैनिक रूट की ट्रेनें भी घंटों की देरी से आ रही हैं। ट्रेनों के इंतजार में यात्री स्टेशन पर घंटों तक बैठे रहते हैं जिससे उनका कीमती समय खराब हो रहा है। बुधवार को कुरुक्षेत्र दिल्ली एमईएमयू समेत 16 ट्रेनें देरी से आईं।
यात्री पूनम और संदीप ने बताया कि उन्हें स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार करते हुए पौने घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है। हमारी ट्रेन स्टेशन पर सवा दो घंटे की देरी से आ रही है। इतनी देरी में तो हम अपने गंतव्य पर ही पहुंच जाते। ठंड का मौसम चल रहा है ऐसे में हर यात्री समय पर अपने गंतव्य पर पहुंचना चाहता है। ट्रेनों को अपने निर्धारित समय पर आना चाहिए ताकि यात्रियों का ट्रेनों के इंतजार में कीमती समय खराब न हो और समय पर अपने गंतव्य पर पहुंच सके।
ये ट्रेनें आई देरी से : कुरुक्षेत्र दिल्ली एमईएमयू सवा दो घंटे, फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा और दिल्ली पानीपत एमईएमयू दो घंटे की देरी से आई। गोवा संपर्क क्रांति 1:09 घंटे, दिल्ली पानीपत एमईएमयू ढाई घंटे और हीराकुंड एक्सप्रेस पौने छह घंटे की देरी से आई। जम्मू मेल आधा घंटा, जम्मू तवी एक्सप्रेस आधा घंटा और नेताजी एक्सप्रेस पौने घंटे की देरी से आई।
हिमाचल एक्सप्रेस आधा घंटा, दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा और उत्तर संपर्क क्रांति आधे घंटे की देरी से आई। आम्रपाली एक्सप्रेस दो घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस पौना घंटा और नई दिल्ली कुरुक्षेत्र एमईएमयू पौने दो घंटे की देरी से आई। मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस तीन घंटे और कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से आई।