पानीपत। पानीपत गणित ओलंपियाड परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शनिवार को संपन्न हो गई। इसके लिए राजकीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 15906 छात्रों ने आवेदन किए हैं। परीक्षा मई के अंतिम सप्ताह में कराई जाएगी।
जिला शिक्षा विभाग ने परीक्षा के आयोजन के जारी शेड्यूल में कुछ बदलाव किया था। इससे पहले गणित ओलंपियाड परीक्षा 10 मई को करानी थी लेकिन निजी स्कूल संचालकों की मांग पर आवेदन प्रक्रिया 30 अप्रैल से बढ़ाकर 10 मई कर दी थी। यह परीक्षा अब तीन स्तर में कराई जाएगी। पानीपत गणित ओलंपियाड परीक्षा के लिए सरकारी व मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के छठी से 12वीं के विद्यार्थियों से निशुल्क आवेदन मांगे गए थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा राजकीय व निजी विद्यालय प्रमुखों को पानीपत गणित ओलंपियाड (पीएमओ) में जागरूकता और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और चयनित छात्रों के लिए निशुल्क कोचिंग देने बारे जरूरी निर्देश दिए थे।
प्रतियोगी परीक्षा है पानीपत गणित ओलंपियाड
जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र दत्त ने बताया कि गणित ओलंपियाड एक प्रतियोगी परीक्षा है। यह परीक्षा छात्रों में गणित के प्रति रुचि और कौशल को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जाती है। यह परीक्षा लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 स्तरों में आयोजित की जानी है। यह परीक्षा छात्रों के लिए बुनियादी गणित कौशल का मूल्यांकन करेगी। प्रतियोगिता के जिला स्तर पर टॉप-10 विजेताओं को विशेष छात्रवृत्ति और मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। वहीं, अन्य प्रतिभागी डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकेंगे। प्रत्येक खंड से टॉप-35 विद्यार्थी हरियाणा गणित ओलंपियाड की निशुल्क कोचिंग लेने के पात्र होंगे।
कक्षावार बनाए गए लेवल व पाठ्यक्रम
लेवल कक्षा पाठ्यक्रम
लेवल-1 11वीं व 12वीं नाैवीं से 11वीं के सवाल
लेवल-2 नौवीं और 10वीं सातवीं से नौवीं के सवाल
लेवल-3 छठी से आठवीं चौथी से छठी के सवाल
वर्जन-
जिला शिक्षा विभाग द्वारा पानीपत गणित ओलंपियाड परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो गई है। इसके लिए 15906 आवेदन प्राप्त हुए हैं। परीक्षा तीन स्तर में होगी।
- डॉ. देवेंद्र दत्त, नोडल अधिकारी एवं जिला गणित विशेषज्ञ, पानीपत।