पानीपत। डेंगू को रोकने के लिए जिला पंचायती राज विभाग व नगर निगम को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करना होगा। नगर निगम शहरी क्षेत्रों में फॉगिंग करेगा, जबकि जिला पंचायती राज विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंचों के माध्यम से फॉगिंग कराएगा। दवा स्वास्थ्य विभाग दोनों विभागों को उपलब्ध कराएगा। स्वास्थ्य विभाग जिले भर के लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक करेगा और जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर मरीजों की जांच करेगी और रिपोर्ट तैयार करेगी।
इस बार इन तीनों विभागों की मदद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व रोडवेज समेत कई विभाग करेंगे। एचएसवीपी अपने सेक्टरों की जांच करेगा, जबकि रोडवेज को डिपो में रखे टायरों की जांच करनी होगी और उनकी सफाई करानी होगी, ताकि डेंगू व मलेरिया का लार्वा न पनपे।
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू व मलेरिया को रोकने के लिए प्लानिंग बनानी शुरू कर दी है। विभाग ने आईएमए के साथ भी हाल में इस संबंध में मीटिंग की और आईएमए को डेंगू व मलेरिया के मरीजों की रिपोर्ट समय पर विभाग में सौंपने के निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों की बेहतर मॉनिटरिंग हो सके। इसके साथ-साथ मुख्यालय ने जिला स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि वो लगातार सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अपनी प्लानिंग सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग स्कूली छात्रों के माध्यम से करेगा जागरूक : स्वास्थ्य विभाग डेंगू व मलेरिया के सीजन में घर-घर जाकर डेंगू व मलेरिया के लार्वा की जांच करेगी। जिनके घरों पर लार्वा पाया जाता है उनको नोटिस जारी होंगे। विभाग घर घर जाकर डेंगू व मलेरिया के संदिग्ध मरीजों की जांच करेगा और रिपोर्ट तैयार करेगा। इसके साथ-साथ स्कूलों में विभाग जागरूकता कार्यक्रम कराएगा और गांवों में जागरूकता रैली भी निकालेगा।
पहले यह थी व्यवस्था: स्वास्थ्य विभाग पहले गांवों में खुद फॉगिंग कराता था। जिला पंचायती राज विभाग स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर कार्य नहीं करता था। शहर में भी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ही फॉगिंग करते थे। दो साल के प्रयास के बाद तीनों विभाग डेंगू व मलेरिया के खिलाफ एकत्रित हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग डेंगू व मलेरिया को कंट्रोल करने के लिए प्लानिंग तैयार कर रहा है। नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग के साथ मिलकर काम करेंगे।
डॉ. शशि गर्ग, डिप्टी सिविल सर्जन पानीपत।