वैज्ञानिक डॉ. सुरेंद्र को मिला हरियाणा युवा विज्ञान रत्न अवार्ड
पानीपत। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के सूक्ष्मजीव विभाग में कार्यरत लोहारी गांव के सह-आचार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने हरियाणा युवा विज्ञान रत्न अवार्ड से सम्मानित किया। उन्हें यह अवार्ड प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए वर्ष 2018 के लिए राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर राजभवन चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में प्रदान किया। डॉ सुरेंद्र सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च विद्यालय लोहारी व आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानीपत से ग्रहण की। कृषि महाविद्यालय कौल कैथल से स्नातक एवं भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान पूसा से सूक्ष्मजीव विज्ञान में स्नातकोत्तर व डॉक्टरेट की उपाधि ली। डॉ. सुरेंद्र सिंह पिछले वर्ष 2018 में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली में सूक्ष्मजीव विज्ञान के क्षेत्र में कार्य कर रहे थे। डॉ. सुरेंद्र सिंह को जैव अवशेष से द्वितीय पीढ़ी इथेनॉल उत्पादन विशेष रूप से देशी सूक्ष्म जीवों से सेल्यूलेज किण्वकों का उत्पादन, इथेनॉल बनाने वाली ताप सहिष्णु खमीर और पोटैशियम विलेयीकरण जीवाणुओं पर उत्कर्ष वैज्ञानिक काम करने के लिए प्रदान किया। इससे पहले साल 2011 में आस्ट्रेलियन सरकार का प्रतिष्ठित एंडेवर पुरस्कार, 2015 में भारतीय सूक्ष्म जीव विज्ञान संगठन का कृषि विज्ञान में युवा वैज्ञानिक पुरस्कार और राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी द्वारा मृदा, पानी और पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए 2015-16 के द्विवार्षिक युवा वैज्ञानिक पुरस्कार भी उनको मिल चुका है। डॉ सुरेंद्र सिंह ने इस पुरस्कार का सारा श्रेय अपने माता-पिता, भाई डॉ .बलकार सिंह, आर्य कॉलेज और अध्यापकों को दिया।