कट्टा दिखाकर बाइक रुकवाई, ड्यूटी पर जा रहे टोल फ्लाइंग टीम सदस्य व उसके दोस्त पर हथियारों से हमला कर तोड़ी नाक की हड्डी
पानीपत। समालखा-चमराड़ा चौक पर रविवार सुबह हथियारों से लैस 20 बदमाशों ने कट्टा दिखाकर बाइक रुकवाई व ड्यूटी पर दिल्ली की ओर जा रहे टोल फ्लाइंग टीम के सदस्य व उसके दोस्त पर जानलेवा हमला किया। बदमाशों ने हमले के दौरान दोनों के सिर, पैर सहित मुंह व नाक पर हमला किया। जिस दौरान टोल फ्लाइंग सदस्य की नाक की हड्डी तोड़ी व उसके दोस्त के सिर पर रॉड मारकर दोनों को घायल कर दिया। दोनों जब खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गए, तो बदमाशों ने दोनों के जेब से 12 हजार रुपये की नकदी व गले से 2 तोले सोने की चेन लूट ली। बीच-बचाव में स्थानीय लोग आए, तो मौके से जान से मारने की धमकी देकर सभी बदमाश फरार हो गए। घायलों को स्थानीय निवासी पानीपत सामान्य अस्पताल ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
गांव मांडी निवासी घायल हरीश पुत्र राजसिंह ने बताया कि वो दिल्ली टोल प्लाजा पर फ्लाइंग टीम में कार्यरत है। रविवार को वो घर से दिल्ली की ओर जाने के लिए बाहर बस स्टैंड तक अपने दोस्त मनीष पुत्र वेदपाल के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। उसने बताया कि जब वें दोनों गांव से बाहर की ओर आ रहे थे, तो रास्ते में समालखा-चमराड़ा चौक पर बाइक सवार गांव के ही कुछ युवकों ने कट्टा दिखाकर रूकने का इशारा किया। जिसके बाद बाइक रोकी, तो वहां उसी दौरान वहां करीब 15 युवक और आए गए। सभी 20 युवकों के हाथ में देशी कट्टा, तलवार, डंडे, भिंडे, पंच सहित अन्य हथियार थे। उन्होंने बाइक रूकते ही हमला करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान बदमाश गाली-गलौच करते हुए इस वारदात की पुलिस को शिकायत करने पर भविष्य में जान से मारने की धमकी देते रहे। हमले के दौरान बदमाशों ने हरीश की नाक पर तलवार से हमला किया, जिस दौरान उसकी नाक की हड्डी टूट गई व उसकी नाक उपरी हिस्से से कट भी गई। जिस कारण मुंह की हवा नाक के उपरी हिस्से से बाहर आ-जा रही है। दोनों खून से लथ-पथ हालत में घायल होकर जमीन पर गिर गए। उस दौरान बदमाशों ने हरीश की जेब से 10 हजार रुपये की नकदी व गले से 2 तोले सोने की चेन तोड़ ली। साथ ही घायल मनीष की जेब से 2 हजार रुपये की नकदी लूटी। वारदात में बीच-बचाव करने जब ग्रामीण पहुंचे तो सभी बदमाश अपनी-अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। बदमाश वारदात स्थल से फरार होते हुए घायलों को इसके बारे में पुलिस को शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए। वहीं घायलों का कहना है कि गांव के ही ढीला पुत्र नरेंद्र, सौरभ पुत्र सतीश व अंकुश पुत्र सुंद्ररा ने अपने अन्य 17 बदमाशों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। साथ ही बताया कि यें बदमाश आए दिन गांव में किसी के साथ भी मारपीट करते है।
घायलों के बयान पर उक्त आरोपियों सहित अन्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- गुरविंद्र सिंह, थाना समालखा प्रभारी, पानीपत।