कालोनी में साफ सफाई न होने से लोगों ने ग्राम पंचायत के सामने किया विरोध प्रदर्शन
सनौली। गांव मोहाली और झांबा मुस्लिम के लोग कालोनी में पसरी पड़ी गंदगी से परेशान है। कालोनी में जगह-जगह गंदगी के ढेर पड़े हुए हैं। पीने के पानी के लिए बिछी पाइप लाइन जगह-जगह से लिकेज होने से लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं। पानी के निकासी के लिए बना नाला कूड़े-करकट से अटा पड़ा है। कालोनीवासियों ने शनिवार को ग्राम पंचायत व खंड कार्यालय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कालोनीवासी महबूब, जमील, सलीम, याकूब, सायरबानो, नूरी, रुकसाना आदि का कहना है कि गांव को निर्मल बनाने के बाद भी कालोनी में ग्राम पंचायत साफ-सफाई नहीं करवा रही है। जिससे जगह-जगह पर गंदगी के ढेर पड़े हुए हैं। कूड़ा-करकट डालने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संपूर्ण स्वच्छता के लिए दिए गए कूड़ेदान भी कालोनी में नहीं लगाए गए हैं। ग्राम पंचायत का भी इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
वहीं, बीडीपीओ सनौली एसईपीओ विकास कुमार का कहना है कि गांवों में विकास कराया जाएगा और गंदगी की सफाई कराई जाएगी। ग्राम पंचायत ने गंदे पानी निकासी के लिए नाला बनवाया, उसकी लगातार सफाई कराई जा रही है। ग्राम पंचायत से बात की गई तो पंचायत ने बताया कि कालोनीवासी ग्राम पंचायत का सहयोग नहीं करते हैं। जल्द ही गांव में सफाई अभियान चला कर सफाई कराई जाएगी।