पानीपत। नगर पालिका समालखा की बजट को लेकर विशेष बैठक नपा चेयरमैन निधि मित्तल की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान विधायक रविंद्र मच्छरौली भी मौजूद रहे। सचिव प्रदीप कुमार तथा एमई मदनमोहन गर्ग द्वारा वार्षिक बजट पार्षदों के समक्ष रखा गया। जिसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके उपरांत बैठक में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई तथा पार्षदों द्वारा विभिन्न मुद्दे उठाए गए।
नपा चेयरमैन निधि मित्तल ने बताया कि नपा के पास पहले ही 1 करोड़ 88 लाख 60679 रुपये ओपनिंग बैलेंस है। वर्ष भर में होने वाले विभिन्न खर्चों तथा आय के बाद नपा को करीब 6 करोड़ 49 लाख 45000 रुपये आय होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विकास को गति देते हुए टेंडर लगाए जा रहे हैं। सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। वहीं विधायक रविंद्र मच्छरौली ने कहा कि पार्षद विकास को महत्व देते हुए अपने-अपने वार्ड में विकास कार्य करवाएं और अधिकारियों को कार्यों की योजनाएं दें, ताकि उनके टेंडर लगाकर और कार्य शुरू करवाए जा सके। उन्होंने कहा कि विकास के लिए फंड की किसी तरह की कोई कमी नहीं है। बैठक में फायर ब्रिगेड वाहन की सर्विस, नपा की जमीन की निशानदेही व अवैध कब्जे हटाने, बरसात के मौसम से पहले 20 सफाई कर्मी डीसी रेट पर तथा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रखने का प्रस्ताव भी पारित किया। वहीं स्ट्रीट लाइट, हाउस टैक्स सर्वें, मरम्मत कार्य आदि को लेकर पार्षदों ने भी अपनी बात रखी। वहीं नपा के वाइस चेयरमैन प्रवीन बैनीवाल ने महाराजा अग्रसेन सोसायटी को अस्पताल के लिए दी गई जमीन पर किसी तरह का कार्य नहीं किया गया है। इसलिए नोटिस देकर उस पर उचित कार्रवाई का प्रस्ताव भी पेश किया गया है।
एफडी तुड़वा कर खर्च पूरे कर रही नपा : नपा का वार्षिक बजट पेश करते हुए एमई द्वारा करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की आय होने की बात कहने पर वार्ड 2 से पार्षद सुनील शर्मा ने उन्हें पूरे आंकड़े सामने रखने को कहा। पार्षद ने कहा कि अगर नपा को आय हो रही है तो 99 लाख एफडी तोड़कर खर्च पूरे क्यों किए जा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि नपा को हर महीने करीब पौने पांच लाख रुपये का वेतन अधिकारियों व कर्मियों को देना पड़ता है। इस बार हाउस टैक्स से भी केवल चार से पांच लाख रुपये ही राजस्व मिला है। जबकि पिछले वर्ष करीब अस्सी लाख रुपये तक राजस्व प्राप्त हुआ था।
डोर टू डोर का जेबीएम का ठेका रद्द करवाने को लेकर लिखेंगे पत्र : विशेष बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था के चरमरा जाने का मुद्दा भी उठा। पार्षदों का कहना था कि डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली कम्पनी से नपा को नुकसान हो रहा है। ना तो शहर से पूरी तरह से कूड़े का निपटान हो रहा है दूसरा कम्पनी को हर महीने उठाए गए कूड़े (वजन के) के अनुसार सात से नौ लाख रूपये भी चुकाए जाएंगे। जबकि पहले केवल सवा लाख रुपये ही हर महीने खर्च आता था और सफाई भी रहती थी। इसके बाद सर्व सम्मति से प्राइवेट कम्पनी का ठेका रद्द करने का प्रस्ताव पास किया गया जिसे डीसी को भेजा जाएगा।
नपा की बैठक में बजट और विकास कार्य पर चर्चा
-नगर पालिका को 6 करोड़ 49 लाख 45000 रूपये आय होने की उम्मीद
फोटो संख्या 23