गांव सोदापुर के गैस एजेंसी में गैस की किल्लत, ग्रामीण परेशान
थर्मल। गांव सौदापुर व आस-पास के गांवों के ग्रामीण घरेलू गैस की किल्लत के कारण परेशान हैं। कई घरों में तो खाना पकाने की भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण सुनील कुमार, प्रदीप, बलवान, अमित, कर्मबीर, सलीम, सुल्तान व जिले सिंह ने बताया कि दो दिनों से गैस एजेंसी के सब कार्यालय पर खाली सिलेंडर लेकर जाते हैं, लेकिन लोगों को घंटों बाद भी सिलेंडर न मिलने के कारण खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ता है। उन्हें गैस एजेंसी के सब कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा आज या कल कहकर टरका दिया जाता है। कई किराएदारों का कहना है कि कई दिनों से गैस खत्म है। मकान मालिक अपने घर में लकड़ी नहीं जलाने देता है। जिस कारण खाना बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बारे में गैस एजेंसी संचालक अमित तंवर ने कहना है कि पीछे से गैस की सप्लाई किन्ही कारणों से काफी दिनों से बंद पड़ी है। जिस कारण से कई दिनों से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है।