बारिश से खेतों में राहत, शहर में आफत
पानीपत। लगातार दूसरे दिन चली बारिश खेतों में राहत बनकर बरसी, जबकि शहर में आफत बनी। बारिश के चलते शहर के रेलवे अंडरपास में पानी जमा रहा। इससे फ्लाईओवर पर दिनभर रुक-रुककर जाम लगा रहा। दिन में बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटे आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। मौसम के एक साथ करवट लेने से बुधवार तड़के से शुरू बारिश रात और वीरवार दिनभर चलती रही। बारिश के चलते शहर में पानी निकासी के प्रबंध दूसरे दिन भी जवाब दे गए। जिसके चलते शहर में कई जगह जल भराव की स्थिति बनी रही। बाहरी कॉलोनियों में बारिश के चलते सबसे बड़ी समस्या बनी। वहीं शहर में दिन के वक्त कई हिस्सों में बिजली गुल रही। खेतों में पानी ठहरने पर किसानों को धान रोपाई में सहारा मिला और धान रोपाई कार्य तेज कर दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जिले में दो दिन में करीब 80 एमएम बारिश दर्ज की।