थर्मल यूनियन ने कर्मियों की दवा बेचने के लगाए आरोप
थर्मल। पानीपत थर्मल प्लांट में हो रहे निर्माण कार्य में अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया किस्म की लकड़ी लगाने का आरोप बिजली बोर्ड कर्मचारी परिषद ने लगाया है। उसने इसकी शिकायत एमडी से करते हुए जांच की मांग की है। परिषद के प्रदेश महामंत्री जयबीर मान ने बताया कि एक अधिकारी अपने रिश्तेदार ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए बिना जरूरत के भी लकड़ी का काम करवा रहा है। कागजों में लकड़ी कोई और दिखाई गई, जबकि लगाई कोई और जा रही है। यूनियन का आरोप है कि अधिकारियों के लिए तो हर समय और अच्छी क्वालिटी की दवाइयां मिल जाती है। कर्मियों के लिए आई दवाइयों को बाजार में बेचकर निम्न स्तर की दवाइयां कर्मियों को दे रहे हैं। जब यहां पर शिकायत देने के बाद कार्रवाई नहीं हुई तो एमडी को शिकायत दी है। यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन आंदोलन करने पर मजबूर होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशु सेठी ने कहा कि आरोप निराधार हैं। जो दवाइयां आती हैं, सबको वहीं दवाइयां दी जाती है।