मैराथन दौड़ : बारिश भी नहीं रोक पाई साधकों के जोश
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जागरूकता लाने को लेकर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस मैराथन दौड़ को अतिरिक्त उपायुक्त राजीव मेहता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं बुधवार को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सब तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल को छह सेक्टर में बांटा गया है। परिवहन एवं आवास मंत्री समारोह में मुख्यातिथि होंगे।
एडीसी ने मंगलवार को लघु सचिवालय से मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एडीसी और प्रशासनिक अधिकारी विद्यार्थियों के साथ लघु सचिवालय से स्काई लार्क मोड़, सिविल अस्पताल बस स्टैंड, लालबत्ती चौक से होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। बारिश भी साधकों के जोश को रोक नहीं पाई। मैराथन दौड़ के अलावा लघु सचिवालय, आर्य सीसे स्कूल, हॉली पार्क और नगर निगम के विभिन्न पार्कों में भी लोग योग करते नजर आए।
एडीसी राजीव मेहता ने कहा कि गत तीन वर्षों के दौरान योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता व स्वीकारोक्ति मिली है। वह इससे पूर्व कभी नहीं मिली। आज विश्व मानव धार्मिक भावनाओं से ऊपर उठकर योग को मना रहा है। देश ही नहीं विश्व के 177 देश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दिवस मनाएंगे। उन्होंने कहा कि योग किसी धर्म, मजहब और व्यक्ति विशेष का नहीं है। यह तो विश्व मानव की एक जीवनशैली का अहम अंग है। इस मौके पर नगराधीश संदीप अग्रवाल, डीईओ उदय प्रताप, डिप्टी डीईओ राजपाल सिंह, भारत स्वाभीमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी शीशपाल, रघबीर सैनी, गुलशन बतरा, अशोक अरोड़ा, रामपाल शर्मा, विनोद अरोड़ा, डीओसी धनपत शर्मा, स्काउट एंड गाइड से सुनीता शर्मा, पवन आर्य, डॉ. संजय, अशोक अरोड़ा व डॉ. अंजू फोगाट मौजूद रहे।
छह भागों में बांटा आयोजन स्थल
सीटीएम एवं समारोह के नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल ने कहा कि जिला स्तरीय योग समारोह के लिए परिसर को छह भागों में बाटा गया है। 21 जून को डॉ. शीशपाल और अशोक अरोड़ा योग क्रिया करवाएंगे और स्टेज पर छात्र व छात्राएं योग करेंगे। वहीं उपमंडल स्तरीय समारोह का आयोजन होगा। इस समारोह के मुख्यातिथि विधायक रविंद्र मच्छरौली होंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता एसडीएम गौरव कुमार करेंगे।